जानसठ के गांव तालड़ा की भूमिका चौधरी दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर आयोजित कुश्ती में दमखम दिखाती।
- फोटो : KHATAULI
भूमिका चौधरी ने कुश्ती में ट्रॉफी कब्जाई
जानसठ। गांव तालड़ा की बालिका ने दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर हुई राष्ट्रीय स्तर की जूनियर कुश्ती में अपने से अधिक वजन की पंजाब की बालिका को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। गांव में पता चलने पर उसके दादा ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई । वहीं बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा रहा।
गांव तालड़ा निवासी डॉक्टर शक्त सिंह की पौत्री 13 वर्षीय भूमिका चौधरी पुत्री अमित चौधरी कुश्ती खिलाड़ी है। दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत द्वारा कराई गई राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती में भूमिका चौधरी ने अपने से अधिक वजन की पंजाब की बालिका को हराकर 51 हजार रुपये जीते व ट्रॉफी पर कब्जा कर क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन किया। डॉ शक्त सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी कोच युधिष्ठिर चौधरी द्वारा कड़ी मेहनत का ही नतीजा है कि भूमिका ने अपने से अधिक वजन की पंजाब की बालिका को हराकर कुश्ती जीती है। वहीं, राज्यस्तर पर तीन गोल्ड मेडल, दो बार ट्रॉफी भी जीत चुकी है। गांव में भूमिका चौधरी द्वारा कुश्ती जीतने की खबर सुनते ही उनके घर पर बधाई देने वाले ग्रामीण व क्षेत्र के लोगों का तांता लगा रहा। बधाई देने वालों में सपा के जिला उपाध्यक्ष हारुन खान, जानसठ नगर पंचायत सभासद सुनील कश्यप, बाबर अंसारी, रामवीर, महिपाल सिंह, रामवीर, पूर्व प्रधान महेंद्र कांबोज, मांगे राम सैनी, मोहम्मद मोफीद, अंकुर काकरान, विनोद कुमार बाजिदपुर, ग्राम प्रधान बिजेंद्र सिंह, आनंगपाल राठी आदि मौजूद रहे।