- मुख्यमंत्री के नाम लिखित मांगपत्र एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। गन्ना मूल्य वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू सेवक के कार्यकर्ताओं ने तहसील में धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसील में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के नाम लिखित मांगपत्र एसडीएम डॉ. ललित मिश्रा को सौंपा गया। गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की संगठन ने मांग रखी।
सोमवार को कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के काफिले के साथ तहसील पहुंचे और तहसीलदार कार्यालय के समक्ष धरना देकर बैठ गए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि तहसील में किसानों को परेशान किया जाता है। तहसील का कोई भी कर्मचारी किसान की बात सुनने को तैयार नहीं है।
एसडीएम ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। ज्ञापन में गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, पचास वर्ष आयु पूर्ण कर चुके किसान को पांच हजार रुपये वृद्धावस्था पेंशन दिए जाने, किसानों को घरेलू बिजली बिल में 300 यूनिट मुफ्त करने की मांग रखी।
किसान परिवार के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने, केसीसी की ऋण सीमा बढ़ाई जाने, किसानों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा दिए जाने, उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 10 हजार प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने आदि की मांग की गई।
अध्यक्षता रामकरण और संचालन अनिल कुमार ने किया। जिलाध्यक्ष शोभित पुंडीर, विपिन कुमार, हितेश चौहान, योगेश चौहान, ललित कुमार, विपिन कुमार, उधम सिंह, नवनीत चौहान, अजय, दीपक शर्मा मौजूद रहे।