छपार टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना जारी
छपार (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू का धरना पांचवें दिन भी जारी है। रविवार को गांव शेरपुर के कार्यकर्ता धरने पर मौजूद रहे। धरनास्थल पर कार्यकर्ताओं ने खाना बनाकर खाया और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी खिलाया। सरदार बूटा सिंह को ब्लाक उपाध्यक्ष व कमलजीत को न्याय पंचायत अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उधर, रोहाना टोल प्लाजा पर भी भाकियू को धरना जारी रहा।
पुरकाजी ब्लाक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में छपार व शेरपुर गांव के भाकियू कार्यकर्ताओं ने छपार टोल प्लाजा पर धरना दिया। उनका नारा है जब तक तीन कृषि कानून वापस नहीं, तब तक घर वापस नहीं। मांगेराम त्यागी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। उनका उद्देश्य किसी आम नागरिक को नुकसान पहुंचाने का नहीं है। भाकियू किसान की लड़ाई लड़ रही है। क्षेत्र के किसानों को भी धरने के समर्थन में धरनास्थल पर पहुंचकर सहयोग करना चाहिए। अगर देश का किसान एक मंच पर होगा तो सरकार को झुकना ही होगा। जब तक सरकार तीनो़ं काले कानूनों को वापस नहीं लेगी, धरना समाप्त नहीं होगा। यह सब हाईकमान के निर्देश पर चल रहा है। इस मौके पर राजा गुर्जर, शशि, कंवलजीत, बबलू त्यागी, मुसर्रफ त्यागी, रवि कुमार, अरमिंदर, जसकरण, गुरजीत, रणजीत, गुरतेज सिंह, शहजाद त्यागी, फरमान, वीर सिंह, मुकीम आदि कार्यकर्ता धरनास्थल पर मौजूद रहे।
रोहाना। टोल प्लाजा पर भाकियू का पांचवे दिन भी धरना जारी रहा। भाकियू नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेट हाईवे रोहाना टोल पर अनिश्चितकालीन दे रखा है। टोल पर अब ब्लाक स्तर पर प्रत्येक दिन दो गांवों के किसान धरने पर बैठेंगे। किसानों ने कहा कि जब तक तीनों कानून वापस नहीं होगे, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने पर भाकियू नेता विकास शर्मा, कुशलवीर, मुरसलीन, बिट्टू, संजीव भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।