3-खतौली तहसील में भाकियू कार्यकर्ताओं के हंगामा प्रदर्शन के दौरान बोलते मंडल महासचिव राजू अहलाव?
- फोटो : KHATAULI
भाकियू का घूसखोरी के विरोध में धरना-प्रदर्शन
खतौली। भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील में व्याप्त रिश्वतखोरी के विरोध में प्रदर्शन किया। भाकियू के मंडल महासचिव राजू अहलावत ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेनें रोकने की चेतावनी दे डाली। डीएम ने भाकियू की मांगों को पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही कार्यकर्ता शांत हो सके।
भाकियू कार्यकर्ताओं को मंगलवार की सुबह पता चला कि तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे आ रही हैं। इस पर भाकियू कार्यकर्ता तहसील में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने तहसील में हंगामा प्रदर्शन करना प्रारंभ कर दिया। मंडल महासचिव राजू अहलावत ने कहा कि तहसील में भ्रष्टाचार व्याप्त है। दो लेखपाल रिश्वत लेते हैं। रिश्वत नहीं देने पर लेखपाल किसानों का काम नहीं करते हैं। इसलिए इन दोनों लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए। विद्युत निगम की तानाशाही और रिश्वतखोरी चरम सीमा पर है। विद्युत निगम के भी दो जेई ने बिना कनेक्शन के ही एक व्यक्ति के विरुद्ध बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया। इनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए। रेलवे विभाग ने जिन किसानों की भूमि अधिग्रहीत की थी, उन किसानों को मुआवजा शीघ्र दिलाया जाए। राजू अहलावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे रेलवे ट्रैक पर बैठक ट्रेनों को रोक देंगे। ट्रेन रोकने की चेतावनी से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम अजय कुमार व सीओ आशीष प्रताप सिंह कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। एसडीएम व सीओ ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन राजू अहलावत डीएम से बातचीत करने पर अडिग हो गए। इसके बाद राजू अहलावत कई कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय में डीएम सेल्वा कुमार जे से मिले। डीएम ने लेखपालों के रिश्वत मांगने पर एसडीएम को जांचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने एक्सईएन को तलब किया और दोनों जेई की जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा किसानों के वारिसों की सट्टा पर्ची जारी करने के लिए डीसीओ को निर्देश दिए। डीएम ने भूमि अधिग्रहण के मामले में रेलवे अधिकारियों से बातचीत करने के लिए दो दिन का समय मांगा। इसके बाद ही कार्यकर्ता शांत हुए। प्रदर्शनकारियों में ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम, बिटटू ठाकुर, नगराध्यक्ष मनोज सहरावत, प्रवेंद्र भड़ाना, बिटटू तिगाई सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
डीएम की जाम में फंसी गाड़ी
भाकियू कार्यकर्ताओं के तहसील से लौटते समय किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियों की वजह से जिलाधिकारी सेल्वा कुमार जे की गाड़ी भी फंस गई थी। इस पर डीएम ने राजू अहलावत से कहा कि वे उनकी गाड़ी को निकलवाए। राजू अहलावत ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को साइड में लगवा करके डीएम की गाड़ी को निकलवाया।