खतौली में भाजपाइयों ने तहसील में धरना-प्रदर्शन करते हुए भाजपा प्रत्याशी रितु जैन को हराने का आरोप लगाते हुए पुनर्मतगणना कराने की मांग की। कार्यकर्ता डीएम को रोकने के लिए उनकी गाड़ी के पीछे भी दौड़े। पुलिस के सुरक्षा घेरे में डीएम की गाड़ी को निकाला गया। बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के मोबाइल की रिकॉर्डिंग भी सुनाई गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी रितु जैन नौ मतों से चुनाव हार गई थीं। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी को एसडीएम ने जानबूझ कर हराया है। पूर्व घोषणा के अनुसार भाजपाई मतगणना दोबारा कराने और एसडीएम को निलंबित कराने की मांग को लेकर मंगलवार सुबह दस बजे तहसील पहुंचे। धरना शुरू होने के कुछ देर बाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की समस्याएं सुनने के लिए डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंतदेव पहुंचे।
धरने पर व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत शारदा अग्रवाल ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी रितु जैन को सपा के पूर्व मंत्री आजम खां के कहने पर हराया गया है। इसमें बड़ी साजिश है। दोपहर बाद जनता की समस्याएं सुनकर डीएम अपनी गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो कार्यकर्ता गाड़ी के पीछे दौड़ पड़े। सीओ डॉ राजीव कुमार सिंह ने पुलिस की सुरक्षा में डीएम की गाड़ी को तहसील से बाहर तक छुड़वाया।
बाद में विनीत शारदा ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय से हुई बातचीत की ऑडियो सुनवाई, जिसमें उन्होंने जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान सांसद डॉ संजीव बालियान और विधायक विक्रम सैनी के खिलाफ नारेबाजी की गई। धरने पर नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल, रितु जैन, सुरेश आर्य, पारस जैन, नरेंद्र सिंह गहलौत, विपिन बागड़ी, सत्येंद्र आर्य, संजय जैन, अश्वनी शर्मा, अंकुर जैन, हंस कुमार जैन, पंकज जैन, विकास कौशिक, राकेश प्रजापति, रवि मेहता, श्याम रहेजा आदि मौजूद रहे।
भाजपाइयों की सीओ से धक्कामुक्की
सीओ डॉ राजीव कुमार तहसील में धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस और पीएसी बल लेकर पहुंच गए। सीओ ने तहसील गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ को रोकने की कोशिश की। इस पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ता सीओ को पीछे धकेलते हुए तहसील में घुस गए और धरने पर बैठ गए।