जिला पंचायत सभागार में किसान दिवस कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भाकियू के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत और चरथावल ब्लाक अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष संजीव तोमर सहित सभी कार्यकर्ताओं को घेर लिया।
भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए जमकर मारपीट की और उनकी टोपियां छीन लीं। भारी हंगामा होता देख भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत बीच में पहुंच गए और अपने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान अफसर तमाशबीन बने रहे।
काफी समय पहले भाकियू से अलग हुई भाकियू भानु के रिश्तों में अभी तक कड़वाहट है। यदा-कदा दोनों संगठन एक-दूसरे के आमने-सामने आते रहे हैं। बुधवार को किसान दिवस की बैठक के बाद यह तनातनी सामने आ गई। सभागार से बाहर निकलते ही भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं को भाकियू के कार्यकर्ताओं ने घेर लिया।
भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत और उनके साथियों ने भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष संजीव तोमर को साथियों समेत घेर लिया। गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने भानू गुट के कार्यकर्ताओं की टोपी छीनकर फेंकनी शुरू कर दी। इतनी दहशत फैलाई की कुछ कार्यकर्ताओं ने अपने आप ही टोपी उतारकर जेब में रख ली।
भाकियू नेताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपनी टोपी का रंग बदल लो, संगठन का नाम भाकियू से अलग करो। अपना झंडा भी अलग करो। भाकियू के नाम पर भ्रम पैदा नहीं होना चाहिए। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने 'घेर लो-मार लो' का शोर मचाना शुरू कर दिया। धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई।
सूचना पाकर इसी बीच भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत पहुंच गए। राकेश ने अपने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने संजीव तोमर पर हाथ उठाने का प्रयास किया तो वह बीच में हाथ उठाकर खड़े हो गए कि ...लो पीट लो, किसी को गोली मारनी हो तो वह भी मार ले। कुछ बुजुर्ग किसानों के बीचबचाव से मामला किसी तरह निपटा।
हालांकि तनातनी के बीच दोनों संगठन के कार्यकर्ता एक-दूसरे को देखने की धमकी देते हुए चले गए। उधर, इस दौरान पूरे घटनाक्रम को प्रशासनिक अधिकारी मूकदर्शक बने देखते रहे।
किसान दिवस पर हो सुरक्षा व्यवस्था
मुजफ्फरनगर। भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि किसान दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। तोमर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में डीएम को पत्र भी दिया है। यह भी कहा कि यदि भाकियू या राकेश टिकैत द्वारा कोई गलत व्यवहार करता है तो जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
भाकियू ने थाने में दी तहरीर
मुजफ्फरनगर। भाकियू के चरथावल ब्लाक अध्यक्ष विकास शर्मा ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर भानु गुट के कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। तहरीर में लिखा है कि जिला पंचायत सभागार में कुछ लोग भाकियू की टोपी पहने थे,
जब उन्हें कहा कि तुम भाकियू के कार्यकर्ता नहीं हो तो वहां मौजूद संजीव तोमर, विनय भारद्वाज, विक्रांत ने भाकियू कार्यकर्ता नीटू दुल्हेेरा, बिट्टू राठी, कपिल सोम, बिजेंद्र बालियान के साथ गाली-गलौज कर दी। संजीव तोमर एवं उसके एक साथी ने बिट्टू राठी की सोने की चेन झपट ली, जो करीब 50 हजार की है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।