बैंक ऑफिसर्स संगठन के आह्वान पर जिले के सभी बैंकों में हड़ताल रही। हड़ताल के कारण करोड़ों का व्यापार प्रभावित हुआ। संगठनों ने एसबीआई की मुख्य शाखा के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार पर बैंक विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया। शनिवार और रविवार को अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे। अब सोमवार को ही लेनदेन हो पाएगा।
जिले के सभी बैंकों के अधिकारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। अफसरों के हड़ताल पर चले जाने से सभी सरकारी बैंकों में कामकाज नहीं हुआ। बैंकों में हड़ताल से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। और करोड़ों का ट्रांजेक्शन बीच में ही फंस गया। बैंक अफसरों के अनुसार लगभग तीस करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है। सरकारी अवकाश होने के कारण शनिवार और रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे।
अब लेनदेन सोमवार को हो पाएगा। हड़ताल पर रहे बैंक अधिकारी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के बाहर एकत्रित हुए। अपनी मांगों को लेकर मुख्य शाखा के बाहर प्रदर्शन किया। एसबीएओ के क्षेत्रीय सचिव योगेश गुप्ता ने कहा कि बैंकों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। लंबित वेतन समझौते पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पुरानी पेंशन बहाली के साथ पेंशन रिविजन की मांग भी चली आ रही है। इस अवसर पर पीएनबीओए के मंडल सचिव अनिल गर्ग, जिला सचिव प्रभात कुमार, कोषाध्यक्ष फतेह सिंह ने विचार रखे। धरने पर अजय अग्रवाल, आशीष, राजेंद्र सिंह, नवीन, उत्तम कुमार, लोचन पाराशर, प्रमोद कंसल, चंदन शरदा, अंबरीश शर्मा, सुषमा मैरी आदि रहे।
बैंककर्मियों की हड़ताल, ग्राहक रहे परेशान
खतौली/मंसूरपुर। विभिन्न मांगों को लेकर बैंक अधिकारियों ने शुक्रवार को हड़ताल रखी। बैंकों के बंद होने से लेनदेन नहीं होने पर ग्राहक परेशान रहे। शनिवार और रविवार अवकाश होने के चलते तीन दिन तक लगातार बैंक बंद रहेंगे। उधर, मंसूरपुर के समस्त बैंकों के अधिकारी हड़ताल पर रहे। बैंकों से लेनदेन का कार्य करने वाले ग्राहक बैंकों को बंद देखकर मायूस होकर लौट गए।
पीएनबी के शाखा प्रबंधक व बैंक जिला एसोसिएशन सचिव प्रभात कुमार ने बताया कि शुक्रवार को मंसूरपुर के समस्त बैंकों के अधिकारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। सरकार की बैंक विरोधी नीतियों, लंबित वेतन समस्याओं, बैंकों का विलय करना, पेंशन रिवीजन, पुरानी पेंशन बहाली आदि विभिन्न मांगों को लेकर समस्त बैंकों के अधिकारी हड़ताल पर रहे।