मुजफ्फरनगर। बैंकों में एक सप्ताह में पांच बैंकिंग कार्य की मांग को लेकर सभी बैंक मंगलवार को बंद रखे गए। एक दिवसीय हड़ताल कर कर्मचारियों ने रेलवे रोड एसबीआई की मुख्य शाखा रेलवे रोड पर धरना दिया। बैंक कर्मचारी एवं अधिकारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
नौ बैंक यूनियनों के साझा मंच यूएफबीयू के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। यूपीबीईयू के जिला मंत्री आरपी शर्मा ने बताया कि यूनियन की बैंक प्रबंधन से बैंकों में एक सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग कार्य होने पर सहमति हो गई थी। केंद्रीय सरकार को संस्तुति भेज दी थी। दुर्भाग्य है कि सरकार ने उदासीनता दिखाते हुए अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। इसी के चलते हड़ताल रखी गई है। समन्यवक गौरव किशोर ने बताया कि हड़ताल के बारे में सभी कर्मचारियों ने पिछले एक सप्ताह से पूरी तैयारी की थी। सभी से संपर्क किया जा रहा था। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सभी बैंकों के कर्मचारी एसबीआई रेलवे रोड शाखा पर एकत्र हुए। सभी ने अपनी मांग सप्ताह में पांच दिन कार्य को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि सभी बैंक कर्मचारी अपनी मांग को लेकर एक जुट है। आज एक दिवसीय हड़ताल थी। मांग पूरी न होने पर आगे भविष्य में अनिश्चतकालीन हड़ताल की जाएगी।
इस दौरान तेजराज गुप्ता, मुकेश भार्गव, गौरव किशोर, रविंद्र सिंह, फतेह सिंह, सचिन चौधरी, अनंगपाल, जितेंद्र बालियान व अन्य मौजूद रहे। हड़ताल में स्टेट बैंक, पीएनबी, केनरा बैंक, बैंक आफ बडौदा, यूनियन बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक आफ महाराष्ट, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, जिला सहकारी बैंक,नैनीताल बैंक, यूको बैंक व अन्य बैंकों के कर्मचारी शामिल रहे।
उपभोक्ता रहे परेशान : जिले में बैंकों के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग विभिन्न कार्यों से बैंक पहुंचे लेकिन वहां ताला लगा देखकर वापस लौट गए।