मुजफ्फरनगर। वायु प्रदूषण फैलाने के मामले में प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने पेपर उत्पादन और लेड इंगट बनाने वाली दो फैक्टिरियों पर सख्त कार्रवाई की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक फैक्टरी को सील करने का आदेश दिया, जबकि बोर्ड के निर्देश पर दूसरी फैक्टरी को भी सील कर दिया गया।
जनपद में औद्योगिक इकाइयों पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए शिकंजा कसा जा रहा है। दिल्ली से पहुंची केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जानसठ रोड स्थित शक्ति क्राफ्ट एंड टिश्यू फैक्टरी का निरीक्षण किया ।
जांच में पाया गया कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए आवश्यक उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इसके बाद, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा पांच के तहत इस फैक्ट्री को बंद करने का आदेश जारी किया। बेगराजपुर में संचालित फिरोज मेटल फैक्टरी की भी जांच की गई। यहां भी जांच के दौरान वायु प्रदूषण पाया गया और फैक्ट्री के पास आवश्यक लाइसेंस भी नहीं था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ढआदेश पर इस फैक्टरी को भी सील कर दिया गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ. गीतेश चंद्रा ने पुष्टि की है।