बैंक बंद, एटीएम खाली, लोग परेशान
मुजफ्फरनगर। तीन दिन से लगातार बैंक बंद होने के कारण शहर के एटीएम भी खाली हो गए। लोगों को पैसे के लिए भटकना पड़ा। मुख्य शाखाओं के एटीएम पर भी ताला लटका मिला।
बैंकों की दो दिन तक चली हड़ताल के कारण लोगों ने लेन देन एटीएम के माध्यम से किया। रविवार होने के कारण बैंक तीसरे दिन भी बंद रहे। इस बीच अधिकतम एटीएम खाली हो गए। रविवार को लोगों को पैसा निकालने के लिए भटकना पड़ा। हालत यह रही कि पीएनबी और एसबीआई की मुख्य शाखाओं के एटीएम भी खाली हो गए। हालांकि निजी बैंक दो दिन खुले, मगर उनके भी एटीएम में रुपये नहीं डाले गए। जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गांधी कालोनी और नई मंडी के एक-दो एटीएम खुले मिले, जहां रुपये निकालने वालों की भीड़ रही। शाम तक ये एटीएम भी खाली हो गए। अब सोमवार को ही बैंक खुलने पर नागरिकों को राहत मिलेगी।