चरथावल। रंगों का त्योहार होली पर बच्चों को लुभाने के लिए रंग-बिरंगी और आकर्षक पिचकारियों ने बाजार में धूम मचाई है। कसबे और देहातों के बाजारों में नए लुक के साथ राधा-कृष्ण और देवी देवताओं की पिचकारियों की कई रेंज उपलब्ध हैं। बच्चों ने आकर्षक पिचकारियों से गली-मोहल्लों में धमाल मचाना शुरू कर दिया है।
होली नजदीक आते ही रंग बिरंगी-पिचकारी और गुलाल से कसबे में दुकानें सज गई हैं। इस बार नौनिहाल कान्हा की बांसुरी, गणेशजी, राधा-कृष्ण कार्टून, टैंक के अलावा गैस भरने का पंप, हारमोनियम और गन की डिमांड खूब कर रहे हैं।
गली-मोहल्लों में बच्चों में नए लुक की पिचकारी खरीदने की होड़ मची हुई है। दुकानों पर सजी पिचकारी बच्चों को स्वत: आकर्षित कर रही हैं। महाब्रह्मणान में बच्चे अनुभव, लक्ष्य, शिवा, रणवीर और वासु अभी नई पिचकारियों से होली की मस्ती में झूमने लगे हैं।
राजीव मार्केट, बाजार कलां और बस स्टैंड दर्जनों दुकानें सजी हैं। दुकानदार राजेश त्यागी और बाजार कलां के दुकानदार आलोक गर्ग का कहना है कि गांव-देहातों की मांग को देखते हुए 20 रुपये से 500 रुपये तक की पिचकारी की सैकड़ों रेंज उपलब्ध हैं। नए अंदाज की लुभावनी वैराइटी बच्चों का मनमोह रही हैं।