बजाज ग्रुप की भैंसाना चीनी मिल पर पिछले पांच दिन से चल रहे रालोद के धरने पर शुक्रवार को एडीएम प्रशासन मनोज कुमार पहुंचे। मिल अधिकारियों से वार्ता के बाद के एडीएम किसानों के बीच पहुंचे।
एडीएम ने 35 करोड़ का भुगतान कराने और ढाई करोड़ रुपये प्रतिदिन किसानों के खातों में पहुंचाने की घोषणा की। धरने पर एडीएम ने यह भी चेतावनी दी कि अगर मिल प्रबंधन ने भुगतान में आनाकानी की तो मिल में रखी चीनी की नीलामी कराई जाएगी। एडीएम के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
किसानों के गन्ने के बकाया भुगतान को लेकर रालोद का बजाज चीनी मिल भैंसाना पर शुक्रवार को पांचवें दिन भी धरना जारी रहा। धरनास्थल पर किसानों के बीच पहुंचे एडीएम मनोज कुमार ने चीनी मिल के अधिकारियों से वार्ता कर 35 करोड़ रुपये का भुगतान एकमुश्त दिलवाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ढाई करोड़ रुपये का भुगतान रोजाना दिलवाया जाएगा। भुगतान की यह प्रक्रिया बैंक बंद होने के कारण सोमवार से लागू होगी। उन्होंने कहा कि 300 करोड़ रुपये का चीनी स्टॉक मिल में मौजूद है। यदि चीनी मिल प्रबंधन भुगतान में आनाकानी करता है तो चीनी की नीलामी कराई जाएगी। धरने के संयोजक पूर्व विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि गरीब किसान परेशान हैं।
अपने वादे के अनुसार अगर चीनी मिल भुगतान नहीं देता है तो किसानों का सैलाब चीनी मिल पर उमड़ेगा। पूर्व मंत्री एवं रालोद नेता योगराज सिंह ने कहा कि भैंसाना मिल ने किसानों और व्यापारियों को चीनी देने में दोगली नीति अपनाई है।
किसानों को भुगतान के बदले चीनी व्यापारियों के मुकाबले महंगी दी गई है। पिछले सत्र का यह अंतर करीब 17 करोड़ रुपये बैठता है। योगराज ने कहा कि यदि प्रशासन ने यह भुगतान नहीं दिलवाया तो वे न्यायालय में जाएंगे।
किसानों का भुगतान हर हाल में दिलवाया जाएगा। जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश्वर त्यागी ने किसानों के बीच कहा कि बजाज चीनी मिल हमेशा भुगतान में लेटलतीफी करती है। किसानों को भुगतान समय पर नहीं मिला तो वह मिल को सबक सिखाएंगे।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि चीनी मिल किसानों का उत्पीड़न कर रही है। बड़े शर्म की बात है कि अपने पैसे के लिए भी किसान को धरना देना पड़ रहा है। रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी ने कहा कि रालोद किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नही करेगा।
भुगतान की लड़ाई लड़ी जाएगी। एडीएम के आश्वासन से संतुष्ट होकर संयोजक राजपाल बालियान ने धरना समाप्ति की घोषणा की। इस दौरान सुरेन्द्र
सहरावत, अवनीश चौधरी, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह, अनुज बालियान, मांगेराम, यशपाल चौधरी, जगपाल सिंह, इन्द्र भगत, सुधीर भारती, हर्ष राठी ने विचार रखे।