सड़क हादसे रोकने को जागरूकता जरूरी: कपिल
मुजफ्फरनगर। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के अंतर्गत परिवहन विभाग ने जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। भाषण प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया। डीएम सेल्वा कुमारी जे मौजूद रहीं।
आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के अंतर्गत दो दिवसीय जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि हमारे जिले में सड़क हादसे बहुत ज्यादा होते हैं। इन सड़क हादसों को प्रति लोगों को जागरूक करना हम सबका कर्तव्य है। भाषण प्रतियोगिता का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक करना है। डीएम सेल्वा कुमारी जे एवं परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा नौ से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभाग करने वाली टीमों को सड़क सुरक्षा के संबंध में अलग-अलग टॉपिक दिए गए थे, जिन पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रत्येक को पांच मिनट का समय दिया गया। भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को शनिवार को सम्मानित किया जाएगा। कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवकुमार यादव ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।