बुढ़ाना। कश्यप समाज के खाप चौधरी डॉ़ सोनू कश्यप की हत्या की साजिश की ऑडियो वायरल हो रही है। ऑडियो में कोई व्यक्ति अपनी प्रेमिका से खाप चौधरी डॉ़ सोनू कश्यप की हत्या करने की बात कर रहा है।
आरोपी व्यक्ति बुढ़ाना के एक स्कूल का हिस्सेदार तथा एक मेडिकल स्टोर का मालिक बताया जा रहा है। एक मिनट 42 सेकेंड की ऑडियो में वह किसी महिला से अपने दुश्मनों को बर्बाद करने की बात कर रहा है। उक्त महिला आरोपी की प्रेमिका बताई जा रही है। डॉ़ सोनू कश्यप ऑडियो मिलने के बाद से दहशत में है।
खाप चौधरी समाज के सुशील कश्यप, हिमांशु संगल, मोहित त्यागी तथा डॉ़ विशाल कुमार के साथ बुधवार को सुबह एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मिले। खाप चौधरी ने एसएसपी को घटना की ऑडियो दी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर सभी लोग बुढ़ाना कोतवाली पहुंचे। बुढ़ाना पुलिस ने उनकी बात तथा ऑडियो सुनी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की आश्वासन दिया।