-चौकी प्रभारी लाइन हाजिर, एसएसपी कार्यालय पर आकर किया था प्रदर्शन
(फोटो-1)
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/जानसठ। भलवा पुलिस चौकी प्रभारी ने भीम आर्मी भारत एकता मिशन के खतौली तहसील के महासचिव पंकज किंग के साथ गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। किसी ने इसकी ऑडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। कार्रवाई की मांग का लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर एसएसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद एसएसपी ने चौकी प्रभारी सुधीर रजौरा को लाइन हाजिर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भलवा के सतीश ने ठेके पर एक किसान की भूमि ले रखी है। खेत में खड़े कुछ शीशम के पेड़ बुधवार को काट लिए गए। पीड़ित सतीश तहरीर भलवा पुलिस चौकी में दिलवाने के लिए गांव के ही भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तहसील खतौली के महासचिव पंकज किंग के पास पहुंचा।
बुधवार शाम पीड़ित ग्रामीण को साथ लेकर भलवा पुलिस चौकी प्रभारी सुधीर रजौरा के पास पहुंचे। आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाए उल्टे पुलिस चौकी प्रभारी ने भीम आर्मी के पदाधिकारी के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर दी। इस दौरान किसी ग्रामीण ने पूरे मामले की ऑडियो बना ली, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। एसएसपी को पुलिस चौकी प्रभारी की ऑडियो को सुनवाया। एसएसपी अभिषेक सिंह ने जांच-पड़ताल करा कर भलवा पुलिस चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।