जनपद में जातिगत भावनाएं भड़काने का प्रयास
मुजफ्फरनगर। जनपद में भी जातिगत भावनाएं भड़काने के प्रयास किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक संगठन के अध्यक्ष द्वारा एक निजी टीवी चैनल की स्क्रीन शॉट से छेड़छाड़ कर उसके आधार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विवादित टिप्पणी की गई है।
प्रदेश के साथ ही जनपद में भी जातिगत भावनाएं भड़काते हुए हिंसा फैलाने की साजिश रची जा रही है। एक संगठन के अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट इसी ओर इशारा कर रही है, जिसमें सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाना बनाया गया है। दरअसल, एससी-एसटी एक्ट को लेकर दो अप्रैल 2018 को हुई हिंसा में उभरकर सामने आए एक संगठन के अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया फेसबुक पर अपने अकाउंट से एक बेहद आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। इसमें एक निजी टीवी के चैनल की स्क्रीन से छेड़छाड़ करते हुए उसे पहले एक जाति से मुख्यमंत्री के बयान को जोड़ा गया, जबकि इस तरह का कोई वक्तव्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नहीं दिया गया। इसके बाद आरोपी संगठन के अध्यक्ष द्वारा एक अन्य आपत्तिजनक टिप्पणी मुख्यमंत्री को लेकर की गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के फेसबुक अकाउंट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।