हाईवे पर हादसे के बाद किया गया था हमला
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर बीबीपुर चेकपोस्ट के सामने 16 फरवरी की रात हुए भीषण हादसे के मामले में दुल्हन के पिता ने आरोपी कार चालक व उसके पिता समेत कई अज्ञात पर हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर निवासी रामलखन ने तहरीर देकर बताया कि 16 फरवरी को उसकी बेटी हेमा की शादी हाईवे स्थित बैंक्वेट हॉल में हो रही थी। देर रात बरात की चढ़त के दौरान दुल्हन कार की सनरूफ से बाहर निकलकर डांस कर रही थी, जिसके साथ ही बराती व घराती भी डांस कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बरातियों को टक्कर मार दी थी। रामलखन के अनुसार हादसे के बाद आरोपी कार चालक सजल उर्फ लीलू उर्फ संजय अग्रवाल व उसके साथ मौजूद महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, लेकिन उसी समय सजल के पिता ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर बराती व घरातियों पर हमला कर उसे व महिला को उनसे छुड़ा लिया। इसके बाद आरोपी सभी को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए धमकी देकर फरार हो गए थे। पीड़ित ने मामले में आरोपी कार चालक, उसके साथ मौजूद महिला के साथ ही कार चालक के पिता समेत कई अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले इस हादसे में गांव बहादरपुर निवासी ओमप्रकाश की तरफ से अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, जिसमें कार चालक सजल उर्फ लीलू द्वारा कोर्ट से जमानत भी ले ली गई है।