सोमवार को अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी से की थी शिकायत
खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोप सही पाने पर बीएसए को भेजी थी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक पर छात्राओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। अभिभावकों की शिकायत पर बीएसए ने आरोपी सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है।
सोमवार को अभिभावकों ने विद्यालय के एक सहायक अध्यापक पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए खंड शिक्षा अधिकारी भारत भूषण को शिकायती पत्र दिया था। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने घटना को संज्ञान में लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की थी। इसमें आरोपी सहायक अध्यापक का व्यवहार ठीक नहीं पाया गया था।
इसके संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी थी। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी सहायक अध्यापक संजीव कुमार को निलंबित कर दिया है।