मुजफ्फरनगर। सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, विद्यालय नवोदय विद्यालय सीबीएसई समेत सभी बोर्ड के स्कूलों का परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण परीक्षा कराई गई। स्कूलों में कक्षा 3, 6 और 9 के विद्यार्थियों ने एनसीईआरटी द्वारा तैयार प्रश्न-पत्र को हल किया।
जिला प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य संजय रस्तोगी ने बताया कि सर्वेक्षण के अंतर्गत कक्षा 3 के 44 स्कूलों में 1057 विद्यार्थियों और 95 शिक्षको पर सर्वे किया गया। इसी तरह कक्षा 6 के 40 स्कूलों में 1073 विद्यार्थियों और 114 शिक्षकों तथा कक्षा 9 में 50 स्कूलों पर 1429 बच्चों 189 शिक्षकों पर सर्व किया गया। यह एक योग्यता आधारित परीक्षा थी। इसमें भाषा, गणित विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विषय के प्रश्नों को पूछा गया था। इस सर्वे में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षको, प्रधानाध्यापक पर भी प्रश्नों के जरिए सर्वे किया गया।
जिला समन्वयक डॉ़ पंकज वशिष्ठ ने बताया कि परीक्षा के लिए महीनों से तैयारियां की जा रहीं थीं। कक्षाओं के लिए फील्ड पर्यवेक्षक और आब्जर्वर को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इसके साथ ही जिले के सभी विद्यालयों को सर्वेक्षण के लिए निर्देश दिए गए थे। इस प्रक्रिया की शुचिता के लिए जनपद के 140 स्कूलों को परख के लिए चयनित किया गया था।
परख सर्वेक्षण में डॉ विकिन,आशीष द्विवेदी विश्व दीपक त्रिपाठी, जितेंद्र सिंह, अंजलि सिंह, रेणु, डॉ़ बबीता तोमर, राजीव कुमार, डॉ़ विकास कुमार अग्रवाल, शिव प्रसाद, डॉ़ पूनम चौधरी ,डॉ़ प्रीति माथुर, विनीता आदि शामिल रहीं।
- सर्वेक्षण में विद्यालयों का परखा शैक्षिक स्तर
राष्ट्रीय परख सर्वेक्षण कराने के लिए सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए थे लेकिन केवल 140 विद्यालयों का ही सर्वेक्षण किया गया। इनमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मुजफ्फरनगर, एमजी पब्लिक स्कूल, डीएवी इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज, प्राइमरी स्कूल कूकड़ा-2, जूनियर हाईस्कूल तावली, कंपोजिट विद्यालय बरवाला, हिमालय पब्लिक स्कूल रोहना कला, माडर्न पब्लिक इंटर कॉलेज बहेड़ी, वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज लच्छेड़ा, नेशनल इंटर कॉलेज दधेड़ूकलां, डीएवी पब्लिक स्कूल बुढ़ाना, एसडी इंटर कॉलेज मीरापुर, कबूल इंटर कॉलेज तिगाई, गोल्डन हार्ट एकेडमी खतौली, आजाद हिंद हाईस्कूल रहमत नगर आदि स्कूलों का सर्वेक्षण किया गया।