कचहरी में चेकिंग के दौरान एक अधिवक्ता की तलाशी लिए जाने पर अधिवक्ताओं और एएसपी के बीच खूब गरमागरमी और नोकझोंक हुई। अधिवक्ताओं ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाए हुए हंगामा किया।
कप्तान के आदेश पर एएसपी मणिलाल पाटीदार ने शुक्रवार सुबह पुलिस कर्मियों के साथ कचहरी में चेकिंग अभियान चलाया। सदर हवालात के पास चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने एक वकील को रोक कर उसकी चेकिंग की। अधिवक्ता ने अपना परिचय दिया, इसके बावजूद पुलिस वालों ने चेकिंग की।
जिसकी जानकारी अधिवक्ता ने सिविल बार संघ अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित को दी। जानकारी पाकर अध्यक्ष अनिल दीक्षित अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और एएसपी से बातचीत की। इस दौरान अधिवक्ताओं व एएसपी के बीच काफी नोकझोंक और गरमा गरमी हुई। हंगामा होने पर एएसपी वहां से चले गए। सिविल बार अध्यक्ष दीक्षित ने बताया कि एएसपी का यह रवैया उचित नहीं है।
कचहरी में चलाया चेकिंग अभियान
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को कचहरी में तीन शातिरों की पेशी को लेकर पुलिस ने गहन चेकिंग अभियान चला कर संदिग्ध लोगों की तलाश की। डॉग स्क्वायड से भी चेकिंग कराई गई। शुक्रवार को सीतापुर जेल में बंद महकसिंह, बस्ती जेल में बंद देवेन्द्र व मेरठ जेल में बंद सुक्रमपाल भगतजी को यहां कड़ी सुरक्षा में पेशी पर लाया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि शातिरों के साथी उन्हें पुलिस सुरक्षा से छुड़ा सकते हैं तथा उनके विपक्षी भी पुलिस कस्टडी से उन पर हमला कर सकते हैं।
शातिरों की सुरक्षा के मद्देनजर कप्तान के निर्देश पर एएसपी मणिलाल पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने कचहरी में गहन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। स्कूटी और बाइक को भी चेक किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस को कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी। कोर्ट मेें पेशी के बाद तीनों शातिरों को कड़ी सुरक्षा में वापस ले जाया गया।