संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कैच दी रेन अभियान के तहत प्रत्येक गांव में पांच-पांच रिचार्ज वेल अथवा गड्ढे बनवाने की योजना है। जनपद में 3570 रिचार्ज (पुनर्भरण संरचना) वेल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
वर्षा जल संचय के उचित उपाय न किए जाने और पानी की बरबादी भूगर्भ जलस्तर को नुकसान पहुंचा रही है। भूगर्भ जलस्तर ऊंचा बनाए रखने के लिए पानी के संरक्षण को लेकर कैच द रेन अभियान के तहत जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता जितेन्द्र सैनी ने बताया कि जल संचय, जन-भागीदारी अभियान के तहत जनपद के 714 राजस्व ग्राम में 3570 रिचार्ज पिट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण के तहत जनपद में 285 रिचार्ज पिट बनाने का निर्णय लिया गया था।
इसमें से 163 का निर्माण पूर्ण हो गया है, जबकि 122 रिचार्ज पिट का निर्माण जारी है। वहीं दूसरे चरण में निर्माण के लिए लक्ष्य किये गए 128 रिचार्ज पिट में से 16 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। जबकि बाकी का निर्माण कार्य अभी जारी है।
बताया कि अलग-अलग गांव में पेयजल परियोजनाएं, स्कूल निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। जो विभाग उक्त निर्माण कार्य करा रहे हैं, उन्हीं विभागों के माध्यम से गांव में रिचार्ज पिट बनवाए जा रहे हैं।