रंगदारी मांगने का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
देवबंद। पुलिस ने इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से रंगदारी मांगने तथा न जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया । आरोपी के कब्जे से कार और मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक घटना 25 जुलाई 2020 की है। मकबरा रोड स्थित मोहल्ला कृष्णापुरम निवासी दीपक त्यागी से एक व्यक्ति ने इंटरनेट कॉलिंग कर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी। न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दीपक त्यागी की तहरीर पर मामला दर्ज किया। एसएसपी ने मामले को संज्ञान लेकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देवबंद पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया।
बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और सीओ के निर्देशन में पुलिस टीम ने रंगदारी मांगने वाले आरोपी मो. अंजार पुत्र मजाहिर हसन निवासी मोहल्ला अब्दुल हक को तलहेड़ी चुंगी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कार और घटना में इस्तेमाल किया मोबाइल फोन बरामद किया। कोतवाल ने बताया आरोपी ने पूछताछ में बताया वह पहले सऊदी अरब में रहता था। वहां से वह अपने घर (भारत) में बात करने के लिए इंटरनेट से कॉलिंग करता था। इसके माध्यम से उसने मोहल्ला कृष्णा पुरम (मकबरा रोड) निवासी दीपक त्यागी से तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। साथ ही रुपये न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेजा।