सेना के हवलदार अनिल का कुटबा में हुआ अंतिम संस्कार
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव कुटबा निवासी सेना में हवलदार अनिल बालियान का गमगीन माहौल में गांव में अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, प्रदेश के राज्यमंत्री विजय कश्यप भी शामिल हुए।
क्षेत्र के गांव कुटबा निवासी अनिल बालियान (40) सेना की 19 जाट रेजिमेंट में हवलदार के पद पर थे। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात थे। वह पिछले 30 अक्तूबर से बुखार से पीड़ित थे। सेना के हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था, जहां बीमारी के चलते उनका निधन हो गया। सोमवार को अनिल बालियान का पार्थिव शरीर कुपवाड़ा से दिल्ली लाया गया, जहां उन्हें सलामी दी गई। उसके बाद मेरठ होते हुए शव कस्बे में पहुंचा। यहां से मैन चौराहे पर मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री विजय कश्यप आदि काफिले के साथ हवलदार के पार्थिव शरीर को लेकर गांव में पहुंचे। अनिल बालियान का पार्थिव शरीर गांव में उनके घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। महिलाएं विलाप करने लगीं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने परिजनों को सांत्वना दी। हवलदार की अंतिम यात्रा घर से शुरू हुई, इस दौरान ग्रामीण हाथों में तिरंगा झंडा लेने के साथ भारत माता की जय , जब तक सूरज चांद रहेगा, अनिल बालियान तेरा नाम रहेगा आदि नारे लगा रहे थे। गमगीन माहौल में सेना के हवलदार का अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में ये रहे मौजूद
शाहपुर। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कश्यप, हरेंद्र शर्मा, भाजपा नेता विजय चौधरी, सेना के अधिकारी सुनील कुमार, एसडीएम सदर दीपक कुमार, सीओ बुढ़ाना गिरिजाशंकर त्रिपाठी, थाना प्रभारी संजीव कुमार ने हवलदार अनिल बालियान के शव पर पुष्प चक्र अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाइयों ने केंद्र सरकार से मांग की
शाहपुर। हवलदार के भाई सुशील बालियान व सुनील बालियान ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान से बिलखते हुए कहा कि उनका भाई 11 माह पूर्व छुट्टी पर घर आया था। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री से कहा कि वह केंद्र में मंत्री हैं, वह संसद में प्रस्ताव रखे कि सेना के जवानों को तीन माह बाद अवकाश दिया जाए।
-
शाहपुर के गांव कुटबा में मृतक सेना के हवलदार को श्रद्धांजलि अर्पित करते सेना के अधिकारी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहपुर के गांव कुटबा में मृतक सेना के हवलदार की अंतिम यात्रा में विलाप करते परिजन।- फोटो : MUZAFFARNAGAR