वायु प्रदूषण दूर करने के लिए शहर में चल रही एंटी स्मोक गन। स्रोत- प्रदूषण नियंत्रण विभाग।
मुजफ्फरनगर। सोमवार को वायु प्रदूषण का स्तर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से भी ऊपर पहुंच गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक इस साल पहली बार 313 पर पहुंचा। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे। लोगों को सांस लेने में भी परेशानी महसूस हुई। आंखों में जलन का अहसास हुआ।
दीवाली के बाद से वायु प्रदूषण में लगातार बढोतरी हो रही है। सोमवार को एक्यूआई 313 दर्ज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार इन हालात में हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) में हानिकारक और प्रतिक्रियाशील कणों की मात्रा बढ़ने से शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। हवा में सामान्य से अधिक प्रदूषण होने पर सांस और अस्थमा रोगियों की दिक्कत बढ़ जाती है।
-
वायु प्रदूषण बढ़ने पर इन बीमारियों का बढ़ा खतरा
वायु प्रदूषण बढ़ने से स्वस्थ लोगों को भी लगातार खांसी, गले में खराश, सीने में जकड़न और सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगती है। ऐसे मौसम में इन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहना दिल के दौरे और स्ट्रोक के जोखिम को कई गुना बढ़ा देता है।
-
इस तरह बदला मौसम
तिथि तापमान
27 अक्तूबर 29.9 डिग्री
26 अक्तूबर 30.6 डिग्री
25 अक्तूबर 31.5 डिग्री
24 अक्तूबर 31.7 डिग्री
-
सुबह और शाम घर में ही रहें
मुजफ्फरनगर। हवा की गुणवत्ता खराब होने पर सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। अस्थमा और सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। इसके अलावा भीड़ भरे स्थानों पर जाने से परहेज करें। मास्क का प्रयोग करना चाहिए। आंखों की समस्याओं से बचने के लिए चश्मे का प्रयोग करें। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ़ योगेंद्र त्रिखा का कहना है कि सांस के रोगियों को विशेष बचाव रखना चाहिए।
इस तरह खराब होती गई हवा
तिथि एक्यूआई
27 अक्तूबर 313
26 अक्तूबर 191
25 अक्तूबर 205
24 अक्तूबर 295