संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मौसम में बदलाव और सुबह के समय छा रहे कोहरे का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और गले में संक्रमण की शिकायतें बढ़ रही हैं। वहीं सांस और एलर्जी से पीड़ित मरीजों को भी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्यूआई 257 रिकॉर्ड किया गया गया, जबकि रविवार को हवा की गुणवत्ता का सूचकांक 209 पर रहा था। दिन का तापमान 29.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
सुबह और रात के समय ठंड बढ़ रही है। जबकि दिन में तापमान सामान्य चल रहा है। जिससे लोगों को परेशानी महसूस हो रही है। बार-बार मौसम परिवर्तन से वायरल संक्रमण, गले में खराश, नाक बहना, छींक आना और खांसी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय की ओपीडी में ऐसी बीमारियां लेकर आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
सुबह और रात में घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनें
जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.योगेन्द्र त्रिखा का कहना है कि सुबह और देर शाम घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाकर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और खानपान का विशेष ध्यान रखें। खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श करें। सांस फूलने या सीने में जकड़न होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
तीन लोगों में हुई डेंगू की पुष्टि, घर पर चल रहा उपचार
मौसम परिवर्तन के साथ ही मच्छर जनित रोग भी लोगों को जकड़ रहे हैं। एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम ने बताया कि बघरा, नरा और शेरपुर के तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि बुखार की शिकायत के बाद तीनों लोगों में डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। सभी का उपचार घर पर ही चल रहा है। बताया कि डेंगू मरीजों की संख्या 42 पर पहुंच गई है।
एक्यूआई बढ़ने से एलर्जिक सहित सांस और दमा रोगियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ.भुजवीर सिंह ने बढ़ते वायु प्रदूषण के मद्देनजर सांस और अस्थमा रोगियों को एहतियात बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा बेहतर होगा कि ऐसे मरीज घर से बाहर निकलते समय मास्क लगाएं। यदि परिवार में कोई अस्थमा रोगी है तो घर में कोयले की अंगीठी न जलाएं।