- डिग्री कॉलेजों में खाली सीटों पर सोमवार से प्रवेश प्रक्रिया होगी प्रारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डिग्री कॉलेजों में खाली सीटों पर एडमिशन के लिए शनिवार तक आवेदन जमा होंगे। सोमवार को ओपन सूची की मेरिट चस्पा होगी, इसी दिन प्रवेश प्रक्रिया दोबारा शुरू हो जाएगी।
शहर के डिग्री कॉलेजों में कांवड़ यात्रा के चलते प्रवेश की प्रक्रिया बीच में ही रुकी हुई है। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने सूची को ओपन कर दिया है। जिन कॉलेजों में सीट बची हैं कोई भी पंजीकृत छात्र आवेदन कर सकता है। शनिवार तक आवेदन जमा कराए जा रहे हैं। कॉलेज शनिवार तीन अगस्त से नियमित खुल जाएंगे। जिन छात्र-छात्राओं के तीन अगस्त तक आवेदन जमा हो जाएंगे, उनकी मेरिट सूची कॉलेज के बोर्ड पर पांच अगस्त को लग जाएगी। जैन डिग्री कॉलेज की प्रवेश समन्वयक डॉ संतोष ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रवेश प्रक्रिया को शीघ्र पूरी करने की प्रक्रिया में लगा है। ओपन मेरिट से अधिकतम छात्र-छात्राओं के एडमिशन हो जाएंगे। शहर के डीएवी महाविद्यालय, छोटूराम कॉलेज, सनातन धर्म महाविद्यालय में विश्वविद्यालय के सरकारी कोर्स संचालित होते हैं। बड़ी संख्या में यहां निजी कॉलेज भी हैं।