मुजफ्फरनगर। सूबे के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधी कोई भी हो, चाहे बीजेपी का कार्यकर्ता क्यों न हो, कोई छूट नहीं दी जाएगी। 15 जून तक सभी सड़कें गड्ढामुक्त हो जाएंगी। 22 साल से भूमाफियाओं के खिलाफ धरने पर बैठे मास्टर विजय सिंह की मांग अब पूरी हो जाएगी। भाजपा अपने संकल्प पत्र के सभी वादे पूरे करेगी।
विकास भवन में जिला योजना की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता में सतीश महाना ने कहा कि बीजेपी ने जनता से जो वायदे किए हैं, उनको पूरा किया जाएगा। प्रदेश में बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई है। दीनदयाल उपाध्याय योजना में प्रत्येक गांव के प्रत्येक घर में बिजली पहुंचाई जा रही है। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। अपराधी कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। सहारनपुर की घटना पर उन्होंने कहा कि दंगाई कोई भी हों, कानून निष्पक्षता से अपना काम करेगा। यदि पुलिस अधिकारी दोषी है तो उन पर भी कार्रवाई होगी। महाना ने कहा कि जिले के 38 गेहूं क्रय केंद्रों पर आठ करोड़ 93 लाख का गेहूं खरीदा गया है। 15 जून तक सभी सड़क गड्ढामुक्त हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। 22 साल से कचहरी में धरने पर बैठे विजय सिंह को भी न्याय मिलेगा। स्वच्छ भारत अभियान में सभी का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री 18 से 20 घंटे काम कर रहे हैं। वह मंत्रियों को भी सोने नहीं दे रहे हैं। प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त-अपराध मुक्त करने के लिए कार्य योजनाएं बनाई जा रही हैं।
जिले में बनेगा कृषि विज्ञान केंद्र
मुजफ्फरनगर। पत्रकार वार्ता में केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने कहा कि जिले के चितौड़ा में कृषि विज्ञान केंद्र स्वीकृत हो गया है। इसके लिए भारत सरकार ने छह करोड़ स्वीकृत भी कर दिए हैं। 21 मई को दिल्ली से एक टीम भी आ रही है। अब से पहले केवल बघरा में कृषि विज्ञान केंद्र है। अब दो कृषि विज्ञान केंद्र जिले में हो जाएंगे। केंद्र पर सात वैज्ञानिक नियुक्त किए जाएंगे। इसका वार्षिक बजट डेढ़ करोड़ रहेगा।
भाजपा कार्यकर्ता कोई गलत काम न करें
मुजफ्फरनगर। भाजपा कार्यालय पर जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। कहा कि कार्यकर्ता ऐसा कोई काम न करें, जिससे पार्टी की छवि खराब हो। बताया कि वह जिले से पहले से ही परिचित हैं। जिले के कई पूर्व विधायकों के साथ विधायक रहे हैं।
पार्टी कार्यालय पर महाना ने सबसे पहले जिला संगठन को बधाई दी। कहा कि वह यहां के स्वागत से अभिभूत हैं। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। जनता की सेवा के लिए यह उत्साह बना रहना चाहिए। जब तक मैं यहां का प्रभारी हूं किसी कार्यकर्ता के सम्मान को आंच नहीं आने दूंगा, लेकिन कोई भी कार्यकर्ता कोई गलत काम न करें। अपराधी के साथ खड़ा न हो, नहीं तो कार्यकर्ता की तरफ से हमें आंख बंद करनी पड़ेगी। पार्टी, कार्यकर्ता और जनता के लिए यही जरूरी है। अब से पहले जिला योजना की बैठक के नाम पर सपा और बसपा नेताओं के स्वास्थ्य खराब हो जाते थे, अब हम प्रत्येक माह अनुश्रवण समिति की बैठक करेंगे।
कार्यकर्ताओं को यह समझना होगा कि मोदी और योगी क्या चाहते हैं। इस दौरान विधायक कपिलदेव अग्रवाल, विजय कश्यप, विक्रम सैनी, प्रमोद ऊंटवाल, उमेश मलिक, जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी, पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, पूर्व विधायक अशोक कंसल, सुरेश संगल, सुधीर बालियान, सुशीला अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन सुभाषचंद शर्मा, अशोक बाटला, जिला प्रभारी अरुण वशिष्ठ, श्रेय गोयल, वैभव त्यागी, सरिता गौड़, जगदीश पांचाल, रामकुमार सहरावत, प्रीति चौधरी, पवन अरोरा, श्रीकांत त्यागी, गीता जैन, वीरपाल निर्वाल, हरेंद्र पाल, अजय सैनी आदि मौजूद रहे।
नाराज होकर मंत्री गाड़ी में बैठे
रामलीला टिल्ला पर स्वच्छता कार्यक्रम में मंत्रीजी ने जब सफाई के लिए हाथ में झाडू़ थामी तो कार्यकर्ताओं की भीड़ ने उन्हें पीछे धकेल दिया। यही नहीं उनके हाथ से झाडू़ भी छीन ली। नाराज मंत्री अपनी गाड़ी में आकर बैठक गए। बाद में कुछ सम्मानित नेताओं के कहने पर उन्होंने कुछ सेकेंड के लिए हाथ में झाडू़ पकड़ी।
उद्यमियों के साथ ली बैठक
सतीश महाना ने बीजेपी नेता रामकुमार सहरावत के आवास पर शहर के उद्यमियों के साथ बैठक ली। उद्यमियों को यह विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देगी। बिजली की आपूर्ति को 24 घंटे किया जाएगा।