खतौली।
पंचायत चुनाव में वोट काटकर दूसरे गांव में जोड़ देने के विरोध में
ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसीलदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जमकर
नारेबाजी की।
गांव अंतवाड़ा के ग्रामीणों का कहना था कि कुछ समय पूर्व
जानसठ व खतौली रोड पर गांव अंतवाड़ा और खानजहांपुर गांव के मिलान बिंदु पर
अपने मकान बनाए थे। उनके निर्वाचन कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली
कनेक्शन, गैस कनेक्शन, बैंक खाते, बच्चों के शैक्षिक प्रमाण आदि कागजात
गांव अंतवाड़ा के नाम से ही बने हुए हैं।
उनकी वोट भी गांव अंतवाड़ा में
बनी थीं। आरोप है कि पार्टीबाजी के आधार पर तहसीलदार ने बिना जांच पड़ताल
कराए उनकी वोट को अंतवाड़ा से कटवाकर गांव खानजहांपुर में बनवा दिया है।
जबकि उनके पास गांव खानजहांपुर के पते का कोई भी आईडी प्रूफ नहीं है। जिसको
लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
शनिवार को ग्रामीणों ने
डीएम को पत्र भेजकर ऐलान किया था कि वे पंचायत चुनाव में कतई मतदान नहीं
करेंगे। मंगलवार को इन ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर वोट नहीं डाले।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में सुंदर, श्याम सिंह, धर्मवीर सिंह, मनबीर,
जगत सिंह, जगपाल, जोगेंद्र सिंह, मलखान सिंह, राजपाल सिंह, सुभाष चंद,
पप्पूराम, भागमल, जगपाल, जगबीर सिंह, इलम सिंह, टीकम, कमल, यशपाल, विपिन
कुमार, रामशरण आदि शामिल रहे।