परिषदीय स्कूलों में मनाए जाएंगे वार्षिकोत्सव
मुजफ्फरनगर। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में भी अब वार्षिकोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
शासन ने परिषदीय विद्यालयों में वार्षिकोत्सव आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं। विद्यालयों को दी जाने वाली कंपोजिट ग्रांट की दस प्रतिशत धनराशि से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नगर क्षेत्र के विद्यालयों में कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल्द ही कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले, पढ़ाई में अच्छे छात्र-छात्राओं व उनके माता-पिता को सम्मानित किया जाएगा।
ललिता कन्या में छात्राओं को किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। नगर क्षेत्र प्राथमिक विद्यालय ललिता कन्या पाठशाला का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर शिक्षा अधिकारी डा. सविता डबराल ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। प्रबंध समिति अध्यक्ष माहे फरीन, वार्ड सभासद इरफान मौजूद रहे। संचालन प्रधानाध्यापिका मारिया सैफी ने किया। उधर, प्राथमिक पूर्वी पाठशाला में विद्यालय का 97वां स्थापना दिवस मनाया गया। नगर शिक्षा अधिकारी, सभासद नरेशचंद मित्तल, होती लाल शर्मा ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नाटक, देशभक्ति एवं स्वच्छता गीत आदि की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में रफअत बेगम, शहनाज बानो, हिमानी रानी, रूबी सहरावत, रजनी, शीला देवी, निगहत प्रवीन, सितारा प्रवीन, पूजा आदि का सहयोग रहा।