मंसूरपुर में बेगराजपुर में नेशनल हाईवे को जाम करती महिलाएं
- फोटो : KHATAULI
मंसूरपुर। अंकित की शादी करीब डेढ़ साल पूर्व ही मेरठ जनपद के कस्बा मवाना के गांव सिखेड़ा निवासी पिंकी से हुई थी। अंकित की हादसे में मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी अचेत हो गई, जबकि मां का रोते-रोते बुरा हाल है। ग्रामीण महिलाओं ने बामुश्किल दोनों को संभाला। पीड़ित परिवार के पास महज चार बीघा कृषि भूमि है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
---------
बस के आगे फंसी बुग्गी से हो सकता था बड़ा हादसा
मंसूरपुर। नेशनल हाईवे पर गांव घासीपुरा कट के निकट टूरिस्ट बस की टक्कर लगने से अंकित व राजेश उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिनमें अंकित की पहिये से कुचलने पर और भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजेश को भी सिर में गंभीर चोटें आई। उधर, हादसे के बाद खाली बुग्गी टूरिस्ट बस के आगे फंस गई, जो करीब पांच किमी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। गनीमत रही कि बस के आगे फंसी बुग्गी की चपेट में हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन नहीं आए, अन्यथा यह हादसा ओर भी बड़ा हो सकता था। वहलना के निकट बुग्गी बस से बाहर निकलने के बाद आरोपी चालक बस को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
-----------
जाम के चलते किया गया हाईवे पर रूट डायवर्ट
मंसूरपुर। हादसे के बाद गांव बेगराजपुर में लगाए गए जाम से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस पर पुलिस ने वाहनों को रूट डायवर्ट कर वहां से ग्रामीण अंचल के संपर्क मार्गों से निकाला। उधर, खतौली से भी वाहनों को गंगनहर पटरी मार्ग से भेजना शुरू किया गया। करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों द्वारा जाम खोलने के बाद ही हाईवे पर यातायात सुचारु हो पाया।