बुढ़ाना में पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े पशु चोर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पशु चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। तीन आरोपी फरार होने में सफल हो गए। पकड़े गए पशु चोरों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की कार व दो तमंचे बरामद किए। उनकी निशानदेही पर पांच पशु भी बरामद किए।
सोमवार देर रात पुलिस मेरठ-करनाल हाइवे पर गढ़ी सखावतपुर पुलिस चौकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शामली की ओर आती एक सेंट्रो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। कार सवार युवकों ने पुलिस पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी फायर करते हुए कार की घेराबंदी कर ली और दो युवकों को हिरासत में ले लिया। तीन आरोपी फरार होने में सफल हो गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की कार, दो तमंचे व कारतूस बरामद किए।
बदमाशों से पूछताछ के बाद सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने क्षेत्र से हुए पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि दिलशाद पुत्र सूंडा निवासी किदवई नगर मुजफ्फरनगर व राशिद पुत्र निजामुद्दीन निवासीखालापार मुजफ्फरनगर पशु चोर गिरोह के सदस्य है। मौके से फरार होने वाले गिरोह के तीन सदस्य सरफराजपुत्र लालू किदवई नगर व इरफान पुत्र जानी निवासी खालापार मुजफ्फरनगर के रहने वाला है। तीसरा पशु चोरसरफराज उर्फ बॉलर पुत्र इरफान मौहल्ला कस्सावान बुढ़ाना का रहने वाला है। पकड़े गए पशु चोरों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के पांच पशु बरामद किए गए है। पुलिस ने उनका चालान कर दिया। इस मौके पर इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह, वरिष्ठ उप-निरीक्षक जितेन्द्र सिंह व कस्बा इंचार्ज जयवीर सिंह भी मौजूद रहे।