अनिल की गिरफ्तारी से खुलेगी मर्डर मिस्ट्री
मुजफ्फरनगर। लखनऊ के मोहनलाल गंज में लविश और बुढाना के मिंडकाली में प्रशांत की हत्या के मामले में आरोपी अनिल उर्फ धनपत की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम हो गई है। क्योंकि दोनों हत्या में आरोपी रहा सौरभ भी उपचार के दौरान दम तोड़ चुका है। अनिल की गिरफ्तारी से ही मर्डर मिस्ट्री का खुलासा होगा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
लखनऊ के मोहनलाल गंज स्थित फॉर्म हाउस पर गत 16 मई को लविश की हत्या कर दी गई थी। लविश के भाई प्रशांत निवासी गांव वाजिदपुर, बड़ौत ने सौरभ उर्फ गोटी निवासी गांव इटावा व अनिल उर्फ धनपत निवासी ककड़ीपुर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार तड़के गांव मिंडकाली के जंगल में प्रशांत का शव और हत्यारोपी सौरभ घायल मिला था। प्रशांत के पिता सतीश ने सौरभ और अनिल उर्फ धनपत के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी अनिल दोनों ही हत्या में आरोपी है। एक तरफ लखनऊ पुलिस उसको गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी है तो, मुजफ्फरनगर पुलिस को भी अनिल की तलाश है। एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि आरोपी अनिल उर्फ धनपत की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। बुढ़ाना इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि अनिल की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं।