गेहूं क्रय केंद्र के सामने जलभराव पर नाराजगी जताई
रतनपुरी। किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड बड़सू पर पीसीएफ के गेहूं क्रय केंद्र का डीएम सेल्वा कुमारी जे ने निरीक्षण किया गया। इस दौरान केंद्र के सामने जलभराव होने पर उन्होेंने नाराजगी जताई। उन्होंने क्रय केंद्र पर प्रतिदिन नियमित रूप से गेहूं की तौल करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि क्रय केंद्र के गोदाम को निरंतर खाली कराया जाएं, ताकि गेहूं लेकर आने वाले किसानों को जगह की अनुपलब्धता के चलते अपना गेहूं वापस लेकर न जाना पड़े। इसके अलावा यदि क्रय केंद्र पर कोई समस्या हो, तो तत्काल इसके विषय में उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए। किसी भी परिस्थिति में किसानों को अपना गेहूं तौलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। डीएम सेल्वा कुमारी जे द्वारा क्रय केंद्र पर गेहूं को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय किसान सेवा सहकारी समिति के प्रबंध निदेशक राजपाल सिंह, क्रय केंद्र प्रभारी रामभूल सिंह, समिति कर्मचारी शिवकैलाश के अलावा गेहूं लेकर आए कुछ किसान भी मौजूद रहे।
उधर, रतनपुरी में डीसीडीएफ के गेहूं क्रय केंद्र पर खाद्य विभाग एवं डीसीडीएफ के अधिकारियों ने बाहर खुले में रखे गेहूं को तत्काल गोदाम में भिजवाने के निर्देश दिए। क्रय केंद्र प्रभारी ने भीगे बोरों में रखे गेहूं को दूसरे बोरों में भरकर ट्रक में लोड करवाया।