जिले में भी हो सकता है कन्नौज जैसा हादसा
मुजफ्फरनगर। कन्नौज जिले में हुए बस हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। हादसा रॉंग साइड से आए ट्रक के कारण हुआ। टूरिस्ट बस से ट्रक टकराया और दोनों वाहनों में आग लग गई। बस में सवार पचास में से बीस से अधिक यात्रियों की मौत हो गई। कन्नौज में हुए हादसे जिले में भी हो सकते हैं, क्योंकि यहां पर भी रॉंग साइड में वाहन चलते हैं। नतीजतन यातायात पुलिस, परिवहन विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। हैरत की बात तो ये है कि दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर रॉंग साइड में खूब वाहन चल रहे है, मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इन वाहनों की वजह से हो रहे हादसो में कई घरों के चिराग बुझ चुके है, किसी का सुहाग उजड़ चुका है तथा किसी का सिर से मां-बाप का साया उठ चुका है।
होटलों वालों ने बना लिए अवैध कट
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे की सीमा जिले में पुरकाजी के भूराहेड़ी चेक पोस्ट से लेकर भंगेला की चेकपोस्ट तक करीब 60 किलोमीटर तक है। जिले में हाईवे पर दोनों ओर से तीन सौ से अधिक होटल, रेस्टारेंट, ढाबे आदि है। मुजफ्फरनगर-भंगेला के बीच कई नामचीन रेस्टोरेंट, रिसोर्ट खुले है। सभी ने अपने सामने हाईवे के डिवाइडर को तोड़ कर अवैध कट बना लिए है। समय और दूरी बचाने के लिए वाहन चालक इन अवैध कट से होकर रांग साइड आते है, जिससे हादसे होते है। रोडवेज बस भी ऐसे ही होटलों पर खाना खाने के लिए रोकी जाती है। ऐसा ही हाल मेरठ-करनाल मार्ग पर बुढ़ाना और फुगाना क्षेत्र में है।
नहीं चला कोई अभियान
मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे पर आए दिन हादसे होते हैं। ज्यादातर हादसे ओवरटेक और रॉंग साइड में आते वाहनों से होते हैं। इसके बावजूद गलत साइड में आने वाले वाहनों के लिए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस ने कोई अभियान नहीं चलाया। हैरत की बात तो ये है कि अभी तक इस माह एक भी चालान हाईवे पर रांग साइड से आने वाले वाहन का परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने नहीं किया है।
--------------------
केस हिस्ट्री-1-गत वर्ष 18 नवंबर की रात मेरठ-करनाल राजमार्ग पर फुुगाना के पास रॉंग साइड से आ रहे ट्रक ने पुराल लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तितावी के गांव छतेला निवासी चार भाईयों इसरार, सरफराज, महराज और शाहरुख की मौत हो गई थी। यह परिवार चार मौतों से आज तक उबर नहीं पाया है।
केस हिस्ट्री-2-तीन माह पहले अक्तूबर में दिल्ली-दून हाईवे पर नावला कट पर रॉंग साइड से आती कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें सवार नावला निवासी महिला वरीशा पत्नी मेहरबान, हाजी मुकर्रम और गांव बरना निवासी राजेंद्र की मौत हो गई थी। तीन मौत होने पर भी नावला कट आज तक बंद नहीं किया गया।
केस हिस्ट्री-3-एनएच-58 पर ही मंसूरपुर में बनाए गए अवैध कट पर पांच माह पहले कार की टक्कर से मंसूरपुर निवासी सन्नू, नवी पुत्र रसीद तथा मैनुद्दीन की मौत हो गई थी।
केस हिस्ट्री-4- नेशनल हाईवे पर ही गत वर्ष अगस्त माह में भैंसी कट पर रॉंग साइड से आते ट्रक ने मेरठ-अंबाला प्राईवेट बस में टक्कर मार दी थी, जिससे बस के पलटने से दो छात्राओं की मौत हो गई थी तथा 25 यात्री घायल हुए थे।
केस हिस्ट्री-5- गत वर्ष जनवरी माह में ही नावला कट पर मंसूरपुर शुगर मिल में गन्ना डाल कर नावला गांव जा रहे दो किसानों की रॉंग साइड से आती कार की टक्कर से मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने कई घंटे जाम लगा कर शवों को उठने नहीं दिया था।
इन्होंने कहा...
- नेशनल हाईवे पर बने अवैध कटों को बंद कराया जाएगा। हाल में ही हुई बैठक में डीएम और हमने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। रॉंग साइड पर आने वाली वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। उन पर कार्रवाई की जाएगी। अवैध कट बंद कराने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को भी पत्र लिखा गया है।
-अभिषेक यादव
एसएसपी
मुजफ्फरनगर।
मंसूरपुर में नावला कट के पास बनाया गया हाईवे पर अवैध कट, जहां अनेक हादसे हो चुके है।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली बाईपास नेशनल हाईवे पर रेस्टोरेंट के सामने डिवाइडर तोड़ कर बनाया गया अवैध कट। जिससे कार सां?- फोटो : MUZAFFARNAGAR