देवबंद (सहारनपुर)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को देवबंद में पार्टी के लिए जनसंपर्क करने पहुंचे थे, लेकिन जिला प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था से नाखुश गृहमंत्री शाह अभियान बीच में ही छोड़कर लौट गए। डोर-टू-डोर प्रचार दौरान लोगों की इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि सुरक्षाकर्मी भी उन्हें रोकने में नाकाम रहे। सुरक्षा व्यवस्था से नाराज गृहमंत्री ने स्थानीय नेताओं पर नाराजगी जताई।
दोपहर करीब 2.30 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का काफिला सुभाष चौक से होता हुआ जैसे ही अतिव्यस्त एमबीडी चौक पर पहुंचा तो वहां सुबह से मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उनकी एक झलक पाने को उमड़ पड़ी। भीड़ का आलम यह था कि लोग दुकानों व घरों की छतों पर चढ़ गए। दोपहर 2.35 बजे केंद्रीय गृहमंत्री ने जब अनाज मंडी में प्रचार आरंभ किया तो भीड़ अनियंत्रित हो गई और सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त दिखाई पड़ी। लोग गृहमंत्री के निकट तक पहुंच गए, लेकिन सुरक्षाकर्मी उन्हें रोक पाने में असमर्थ नजर आए। अव्यवस्थाओं को देख गृहमंत्री का पारा चढ़ गया और उन्होंने स्थानीय नेताओं पर नाराजगी प्रकट की। महज 50 मीटर जनसंपर्क करके ही गृहमंत्री अमित शाह बीच में ही अभियान को छोड़कर कोटा (नागल) की तरफ लौट गए। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी ने बताया कि जितनी उम्मीद थी उससे कहीं ज्यादा लोगों की भीड़ गृहमंत्री को देखने पहुंच गई। गृहमंत्री ने कोरोना जैसी महामारी को देखते हुए जनसंपर्क कार्यक्रम बीच में ही रोकना उचित समझा। लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि वह डोर-टू-डोर जाकर लोगों से संवाद करना चाहते थे, लेकिन लोगों की भीड़ इतनी थी कि वह आगे नहीं जा सके। मतदाताओं के लिए उनके दिल में असीम प्रेम है।
गृहमंत्री के लौटने से व्यापारी हुए मायूस
देवबंद। केंद्रीय गृहमंत्री को अनाज मंडी, तहसील ढाल और मेन बाजार में पार्टी के लिए जनसंपर्क करना था। यहां व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर फूल मालाएं लेकर घंटों खड़े रहे, लेकिन गृहमंत्री के बीच में ही अभियान छोड़कर चले जाने से उन्हें मायूसी हाथ लगी। कई व्यापारियों ने बताया कि अमित शाह पहली बार देवबंद आए थे, लेकिन उन्हें उनकी एक झलक तक दिखाई नहीं पड़ी।
जनसंपर्क दौरान ये नेता रहे मौजूद
पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, पार्टी प्रत्याशी बृजेश सिंह, पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी राजपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी, अभय राणा, संदीप शर्मा, नितिन गुप्ता, विपिन भारतीय, अरुण गुप्ता, पवन धीमान आदि रहे।
देवबंद में जनसंपर्क दौरान उमड़ी भीड़ को देखते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह- फोटो : DEVBAND
देवबंद में जनसंपर्क दौरान समर्थकों की भीड़ से घिरे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह- फोटो : DEVBAND
देवबंद में जनसंपर्क करते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह- फोटो : DEVBAND