लापता दोस्त के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर में शामली के गांव सिंभालका निवासी अमित की हत्या के मामले में पीड़ित पिता राजकुमार की ओर से अनुज चौधरी उर्फ अनु के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अनुज चौधरी के ही मकान में अमित का शव मिला है, जिसके बाद से अनुज भी लापता है। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि पिता राजकुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अनुज चौधरी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
अमित के चाचा व बहनोई हैं दरोगा
मुजफ्फरनगर। सिंभालका निवासी अमित अपने परिवार में इकलौता बेटा था। इसके चलते परिजन उसकी हर खुशी का ध्यान रखते थे। यही कारण रहा कि जब उसने मुजफ्फरनगर में अपने दोस्त अनुज चौधरी के साथ ही रहने और वहीं काम करने की बात कही, तो परिजनों ने इकलौता होने के बावजूद उसे इसकी अनुमति दे दी। चाचा अश्वनी ने बताया कि अमित की एक छोटी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। एक चाचा प्रमोद कुमार दिल्ली पुलिस में एसआई हैं, जबकि चचेेरे बहनोई यशवीर सिंह यूपी पुलिस में एसआई हैं और फिलहाल जनपद हापुड़ में तैनात हैं।
रविवार को हुई थी परिजनों से अंतिम बार बात
मुजफ्फरनगर। गांव सिंभालका निवासी अमित की अपने पिता राजकुमार व मां से आखिरी बार रविवार को बात हुई थी। रविवार को ही चाचा अश्वनी भी उससे मिलने के लिए शांतिनगर इसी मकान पर आए थे, जिनके लिए दोनों दोस्तों ने होममेड से खाना भी बनवाया था। चाचा अश्वनी का कहना है कि उस समय तक एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि अमित इतनी जल्दी उनसे इतना दूर जाने वाला है। वहीं, इकलौते बेटे की लाश देखकर पिता राजकुमार कई बार गश खाकर गिरे। उनकी हालत देख पुलिस ने उन्हें मकान के बाहर एक कुर्सी पर बैठाए रखा।