कोविड कंट्रोल रूम से पीड़ितों की जा रही हरसंभव मदद
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे और एडीएम अमित सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कोविड कंट्रोल रूम से संचालित व्यवस्थाओं के बारे में पूरी जानकारी दी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कंट्रोल रूम से ऑक्सीजन, बेड, दवा आदि सभी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। कोविड कंट्रोल रूम से पीड़ितों की हरसंभव मदद की जा रही है।
सोमवार को पुलिस लाइन में हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे कलक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम में पहुंचे। यहां कंट्रोल रूम की भव्यता को देखकर खुद ही आश्चर्यचकित दिखाई दिए। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एडीएम अमित सिंह ने मुख्यमंत्री के सामने सारी व्यवस्थाओं के बारे में पूरी जानकारी दी। डीएम और एडीएम ने एक-एक रजिस्टर को सीएम के सामने रखा। बताया कि शिकायत आती है, उसे लिखा जाता है। संबंधित अधिकारी से बात कर उसका निराकरण किया जाता है। कंट्रोल रूम पर आने वाले सभी नंबरों को रजिस्टर में लिखा जा रहा है। कंट्रोल रूम से जनता की ऑक्सीजन, बेड, दवा आदि सभी समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
इंटरनेट चलने पर अफसरों ने राहत की सांस ली
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जैसे ही पुलिस लाइन में उतरा तो कोविड कंट्रोल रूम का इंटरनेट बंद हो गया। रोडवेज के पास लाइन में फाल्ट हो गया। प्रशासन की सारी तैयारियों पर अचानक पानी फिरने की स्थिति बन गई। बड़ी तेजी के साथ अफसरों ने एनआईसी से इंटरनेट की लाइन कंट्रोल रूम में जुड़वाई। जैसे ही मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम में कदम रखा इंटरनेट चल गया। यहां मौजूद अफसरों ने राहत की सांस ली।