शराब के तीन ठेकों से नकदी सहित शराब चोरी
सिखेड़ा। बदमाशों ने रात में तीन शराब के ठेकों के ताले तोड़कर हजारों रुपयों की नकदी सहित शराब चोरी कर ले गए। ठेकेदार को सुबह चोरी की घटना का पता चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित ठेकेदारों ने पुलिस को चोरी की तहरीर दे दी है।
सिखेड़ा में गांव मंदौड़ रोड पर मांगेराम का अंग्रेजी शराब का ठेका, ईश्वर सिंह का बीयर तथा सलेक चंद का देशी शराब का ठेका स्थित है। बुधवार की रात में बदमाश एक ठेके में पहले पीछे की दीवार में लगे रोशनदान से अंदर घुसे, फिर अंदर से ही शटर के ताले तोड़े। बदमाश अंग्रेजी शराब के ठेका से 6 हजार रुपये की नकदी व सात अंग्रेजी शराब की बोतल, बीयर के ठेके से साढ़े नौ हजार रुपये की नकदी व 35 बीयर की बोतल और देशी शराब के ठेके के अंदर से साढ़े चौदह हजार रुपये की नकदी सहित तीन पेटी देशी शराब की चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह शराब के ठेकेदारों को चोरी की घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।