फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शराब कांड का खुलासा होते ही जिले भर से धर लिए गए माफिया

Sun, 10 Feb 2019 11:50 PM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
शराब माफिया के खिलाफ छापेमारी करती पुलिस और आबकारी विभाग की टीम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
निकटवर्ती जनपद सहारनपुर व रुड़की में जहरीली शराब कांड का खुलासा होने के बाद जिले भर में पिछले दो दिन से ताबड़तोड़ दबिश देकर तमाम शराब माफिया धर लिए गए हैं तो कुछ फरार हो गए। जिस तरह जिले भर में ताबड़तोड़ दबिश देकर माफिया की धरपकड़ की जा रही है, उससे चर्चाएं व्याप्त हो गईं हैं कि क्या उक्त माफिया किसी संरक्षण में अवैध धंधे से जुड़े हुए थे।
विज्ञापन


जनपद से सटे जिला सहारनपुर व रुड़की में बीते तीन दिन से जहरीली शराब कोहराम मचाए हुए है। अब तक सौ से अधिक लोगों की भेंट ले चुके जहरीली शराब कांड के चलते शासन-प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। उक्त कांड होते ही जनपद पुलिस व आबकारी विभाग ने भी आनन-फानन में ताबड़तोड़ दबिश देकर जिले भर से शराब माफिया गिरफ्तार कर जेल भेज दिए हैं। सैकड़ों लीटर कच्ची व अपमिश्रित शराब के साथ ही तस्करी की देशी व अंग्रेजी शराब बरामद भी की गई है।

वहीं, अब तक दो शराब की भट्ठियां भी पकड़ी जा चुकीं हैं। महज 48 घंटे के दौरान चले इस छापेमार अभियान के चलते जिले भर से अवैध शराब का धंधा पूरी तरह से ठप हो गया है और तमाम माफिया भूमिगत हो गए हैं। अब खाकी के हत्थे चढ़ने वाले वे लोग हैं, जो सस्ते के लालच में हरियाणा या अरुणाचल प्रदेश से तस्करी की शराब लाकर सप्लाई कर रहे हैं।
विज्ञापन


जिस तरह महज 48 घंटे के भीतर जनपद में चुनिंदा शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है, उससे चर्चाएं व्याप्त हैं कि क्या अफसरों को पहले से शराब माफिया के बारे में पूरी जानकारी थी कि कहां और कैसी शराब बेची जा रही है। इस संबंध में आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर हैंकी सिंह का कहना है कि संरक्षण में अवैध धंधे की बात गलत है। शराब माफिया के नाम पहले से ही रिकॉर्ड में दर्ज होते हैं, जिनकी धरपकड़ की गई है। इनमें से कुछ भूमिगत हो गए हैं तो कुछ पकड़कर जेल भेज दिए गए हैं।

कागजों में टीम बनाकर दी जा रही दबिशें
मुजफ्फरनगर। जहरीली शराब कांड में सौ से अधिक मौतों के बावजूद जनपद प्रशासन इस अवैध धंधे को रोकने के लिए कितना सजग है, इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम भी कागजों पर ही बना दी गई है। सूत्रों के अनुसार, डीएम राजीव कुमार के निर्देश पर शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए जो टीम बनाई गई, उसमें आबकारी इंस्पेक्टर हैंकी सिंह के साथ ही तहसीलदार न्यायिक और सीओ फुगाना शामिल हैं।

आबकारी इंस्पेक्टर को छोड़कर दोनों अफसर पिछले दो दिन से अवकाश पर हैं, जिसके चलते टीम में अकेले हैंकी सिंह ही रह गए हैं। आबकारी इंस्पेक्टर का कहना है कि उनकी टीम को तितावी व चरथावल क्षेत्र में दबिश की जिम्मेदारी दी गई थी। टीम के दोनों अफसर अवकाश पर होने के कारण अभी केवल चरथावल क्षेत्र में दबिश दी जा सकी, जिसमें थाना पुलिस से सहयोग लेकर दो आरोपियों गांव बाढ़ निवासी कुलदीप को तीन पेटी तस्करी की शराब और ककरौली निवासी अंकुर को 48 पव्वे अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा गया है।

भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद
शराब माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दूसरे दिन रविवार को जिले भर में ताबड़तोड़ दबिश देकर कुल 21 माफिया धरे गए हैं। इनके कब्जे से भारी मात्रा में कच्ची व अपमिश्रित शराब के साथ ही तस्करी की भी शराब बरामद की गई है। शहर कोतवाली पुलिस ने गांव आखलौर निवासी ऋषिपाल को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मिमलाना रोड निवासी इस्लाम को गांव रथेड़ी से 26 पव्वे तस्करी की देशी शराब के साथ और गांव सादपुर निवासी अब्दुल समीर को सहावली पुलिया के पास से 24 पव्वे तस्करी की शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुरकाजी थाना पुलिस ने गांव खेड़की निवासी सरजीत उर्फ पाठा और खाईखेड़ी निवासी कुलदीप को सोलानी नदी पुल से गिरफ्तार किया। उक्त दोनों के पास से नौ-नौ लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। छपार थाना पुलिस ने गांव छपरा निवासी राहुल को बस स्टैंड से नौ लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। चरथावल पुलिस ने गांव कसौली निवासी अंकुर को 48 पव्वे तस्करी की शराब के साथ गिरफ्तार किया।

जानसठ थाना पुलिस ने गांव नाईपुरा निवासी विक्रांत को गांव वाजिदपुर कवाली से 30 पव्वे तस्करी की देशी शराब के साथ धरा। रामराज थाना पुलिस ने गांव चूहापुर निवासी भूपेंद्र को दस लीटर शराब खाम के साथ गिरफ्तार किया है। भोपा थाना पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए पांच आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। इनमें गांव जौली निवासी सलेकपाल, जसवीर, महेंद्र, अंजू व बाली शामिल हैं। उक्त सभी आरोपियों से दस-दस लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने गांव टांडा माजरा निवासी मनोज को तस्करी की 12 बोतल देशी शराब के साथ और गांव दुर्गनपुर निवासी उलफत को गांव बिराल से चार बोतल अपमिश्रित और एक लीटर रेक्टीफाइड के साथ गिरफ्तार किया है।

शाहपुर थाना पुलिस ने गांव काकड़ा निवासी नीटू उर्फ अरविंद को दस लीटर रेक्टीफाइड के साथ और गांव निरमानी निवासी पवन को तस्करी की शराब के 30 पव्वे के साथ गिरफ्तार किया। रतनपुरी थाना पुलिस ने गांव चंदसीना निवासी गौतम को पांच लीटर अपमिश्रित शराब व आधा किलो यूरिया के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा, गांव मंडावली खादर निवासी कुंवरपाल को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ, गांव समौली निवासी पंकज को चार पेटी तस्करी की अंग्रेजी शराब और गांव सोरम निवासी नरेंद्र को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें