वहीं, बदले राजनीतिक परिदृश्य में मुजफ्फरनगर पहुंचे सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गठबंधन के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने रालोद की तरफ इशारा करते हुए कहा कि 2018 में इनका खाता खाली था। जब तबस्सुम जीतीं, तब हमने कहा था कि चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे लेकर आ रहे हैं। 2022 में सपा के सहयोग से इनके विधायक बने।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा ने सात सीटें दी थीं और भाजपा ने दो। इन्हें दो ज्यादा लगी होंगी। लेकिन सपा पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह गलत है। बोले कि राजनीति में सपा को लंबा सफर तय करना है। मोबाइल में सूची है, नाम किसने दिए। पहले नाम मांगे गए, फिर नाम दिए गए। कोई आरोप नहीं लगा सकता।
सपा पर प्रत्याशी थोपने का आरोप गलत
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी पर प्रत्याशी थोपने का आरोप लगाना गलत है। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक उनकी पार्टी से बात कर रहे थे। फिर हम भी बात करते। अगर जयंत सिंह के परिवार का सदस्य चुनाव लड़ता तो हरेंद्र मलिक चुनाव नहीं लड़ते। प्रत्याशी मांगे गए थे।
किसानों को मिलना चाहिए एमएसपी
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार चौधरी चरण सिंह और स्वामी नाथन को भारत रत्न दे रही है और दूसरी तरफ किसानों का उत्पीड़न कर रही है। वर्तमान में किसान दुखी हैं। सब कुछ बांधकर दिल्ली जा रहे हैं। किसान को भाव और नौजवानों को रोजगार चाहिए। किसान के ऊपर संकट है। मल्टीनेशनल कंपनियां दबाव बना रही हैं। कंपनियां बाजार पर कब्जा कर रही है। गन्ना किसानों को फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। किसानों एमएसपी मिलना चाहिए।
यह भी पढ़ें: BKU: सिसौली के प्रस्ताव पर चंडीगढ़ में मुहर, 26 को हरिद्वार से दिल्ली तक हाईवे पर ट्रैक्टर खड़े करेंगे किसान
हमारे पास 63 सीट, जो आएगा उसका स्वागत
सपा अध्यक्ष ने कांग्रेस से सीट बंटवारे के बाद कहा कि हमारे पास अभी भी 63 सीटें है। जो भी गठबंधन में आएगा, स्वागत है। आसपा अध्यक्ष चंद्रशेखर के सवाल पर कहा कि पार्टी में राय लेंगे। कांग्रेस की सीटें बढ़ाने के सवाल पर रालोद की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जो सीट छोड़ देंगे तो किसी को तो देनी है। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को मंत्री बनाने का सपना दिखा रही है। किसी को दो मंत्री तो किसी को राज्यसभा की बात है। लेकिन किसी को कुछ नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: सनसनीखेज वारदात: सोनीपत के दो बच्चों की हत्या, बागपत में मिले शव, मां और उसके करीबी पर जताया जा रहा शक