पुलिस मौत और झगड़े की वजह जानने में जुटी, गुमशुदगी कराई थी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। हरिद्वार घूमकर लौट रहे दोस्तों के साथ झगड़े के बाद संदिग्ध हालात में लापता हुए सोनीपत के अजय (35) की लाश पेड़ पर लटकी मिली। मृतक की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस मौत और झगड़े की वजह जानने के लिए जांच कर रही है।
हरियाणा के सोनीपत के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी अजय (35) एक जून को कार में सवार होकर चार दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था। तीन जून को वापस लौटते समय उसका दोस्तों से कुछ विवाद हो जाने पर वह कार से उतरकर चला गया था, जिसकी काफी तलाश करने के बावजूद वह नहीं मिला। दोस्तों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों ने थाना खरखौदा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अजय का शव पुरकाजी देहरादून बाईपास पर गांव भैसानी पुल के पास एक पेड़ पर लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन प्रकरण की जांच कराई जा रही है।