अब बालाजी, शाकुंभरी जाना हो या अजमेर शरीफ दरगाह के दर्शन करने हैं ट्रेन पर निर्भरता छोड़िए। मुजफ्फरनगर डिपो की बस भी आपको सीधे दर्शन कराएगी। राजस्थान परिवहन से समझौता होने के बाद डिपो इन स्थानों के लिए अपनी बसों का संचालन करेगा। राजस्थान तक बसों का संचालन जिले में पहली बार शुरू किया गया है।
राजस्थान परिक्षेत्र में बसों के संचालन के लिए अर्से से तैयारियां की जा रही थी, लेकिन बात समझौते पर अटकी हुई थी। सोमवार को राजस्थान परिवहन निगम और यूपी रोडवेज में आपसी सहमति बनी है। जिस पर बुधवार से चयनित किए गए मार्गों पर बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। डिपो की बस अजमेर, पुष्कर, शाकुंभरी, भरतपुर तक जाएगी। बालाजी के लिए छुटमुलपुर डिपो को जिम्मेदारी दी गई है। यह बस भी जनपद से होकर जाएगी।
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, छुटमुलपुर, खतौली डिपो की करीब 25 बसों का संचालन राजस्थान, मथुरा के प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए होगा। बसों के संचालन से यात्रियों और श्रद्धालुओं को आसानी होगी। साथ ही ट्रेन पर निर्भरता भी कम होगी। उधर, एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि अजमेर, शाकुंभरी के साथ अन्य स्थानों के लिए बसों का संचालन शुरू किया गया है। ताकि यात्रियों को तीर्थ स्थलों के साथ लंबी दूरी पर जाने के लिए सुगम साधन दिलाया जा सके।
किराए पर चल रहा मंथन
मुजफ्फरनगर। इन स्थानों के लिए डिपो अधिकारी किराए पर मंथन कर रहे हैं। जिन मार्गों से डिपो की बसें जाएंगी, उन्हें कई स्थानों पर टोल से गुजरना पड़ेगा। हर टोल प्लाजा का मूल्य अलग है। ऐसे में डिपो प्रति किमी के हिसाब से किराए तय करेगा। ताकि यात्रियों को को कोई परेशानी न हो सके।
ऐसा रहेगा बसों का रूट चार्ट
- मुजफ्फरनगर-अजमेर-पुष्कर वाया दिल्ली।
- मुजफ्फरनगर-दिल्ली-जयपुर।
- मुजफ्फरनगर-मेरठ-अजमेर, पुष्कर।
- शाकुंभरी देवी, भरतपुर वाया सहारनपुर, मेरठ से मथुरा होकर।
- खतौली से मेरठ-जयपुर-वनस्थली।
- मुजफ्फरनगर-मेरठ, मथुरा-महावीरजी।