अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। महाशिवरात्रि, रमजान माह, होली, दहन, चैत्र नवरात्र, ईद उल फितर के मद्देनजर शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें भाईचारे से त्योहार मनाने का आह्वान किया गया। इसके बाद डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी अभिषेक सिंह ने शहर में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
शांति समिति की बैठक जिला पंचायत सभागार में हुई। डीएम ने कहा कि सभी लोग धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के लिए पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। सोशल मीडिया पर कोई ऐसी टिप्पणी न करें, जिससे माहौल खराब हो जाए। यदि कोई व्यक्ति पोस्ट करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला आपसी सौहार्द की मिसाल रहा है। रास्ते में कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। साफ-सफाई, कांवड़ यात्रा मार्ग, विद्युत, चिकित्सा, चेजिंग रूम, सीसीटीवी कैमरा, संकेतक चिह्न, रूट डायवर्ट कंट्रोल रूम की स्थापना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी, मोबाइल टॉयलेट, महिला शौचालय की व्यवस्था कर ली जाए। एसएसपी ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों, अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप रहे।