मुजफ्फरनगर। एडीएम प्रशासन अमित कुमार को फोर्स लीव पर भेजे जाने के बाद डीएम सेल्वा कुमारी जे ने उनका कार्यभार एसडीएम जानसठ ट्रेनी आईएएस कुलदीप मीणा को सौंप दिया है। एसडीएम के साथ ही वह एडीएम का कार्य भी देखेंगे। प्रशासन ने अन्नापूर्णा एग्रो फर्म को भी ब्लैकलिस्ट कर दिया है। खास बात यह है कि एडीएम प्रशासन का कार्यभार उनके लिंक अधिकारी एडीएम वित्त आलोक कुमार को नहीं दिया गया है।
गौरतलब है कि क्वारंटीन सेंटर पर रह रहे मजदूूरों के भोजन का टेंडर देने के मामले में डीएम ने तहसीलदार सदर पुष्करनाथ चौधरी को निलंबित करते हुए एसडीएम सदर अशोक कुुमार और एडीएम प्रशासन अमित सिंह को नोटिस जारी किया था। एडीएम को फोर्स लीव पर भेज दिया था। बाद में एडीएम अमित सिंह 31 मई तक के अवकाश पर चले गए। उक्त तीनों अधिकारियों पर आरोप है कि इन तीनों की कमेटी ने भोजन का टेंडर खतौली की फर्म अन्नपूर्णा एग्रो को उसका रजिस्ट्रेशन देखे बिना ही दे दिया। अन्नपूर्णा एग्रो फर्म का रजिस्ट्रेशन 20 फरवरी 2020 को समाप्त हो गया था। उधर, प्रशासन ने इस फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।