साइंटिस्ट बनना चाहता है आदित्य ऐरन
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई की हाईस्कूल की परीक्षा में जिले के टॉपर आदित्य ऐरन का सपना साइंटिस्ट बनने का है। आदित्य ने यह उपलब्धि बिना ट्यूशन के पाई है। सोशल मीडिया का प्रयोग केवल उसने अपनी पढ़ाई के लिए किया है।
नई मंडी की बिंदल वाली गली के रहने वाले एसडी पब्लिक स्कूल के छात्र आदित्य ऐरन का कहना है कि उसे पहले से ही उम्मीद थी कि वह अच्छा करेगा। उसे उम्मीद के हिसाब से 99.4 प्रतिशत अंक मिले हैं। शिक्षा में पिता इंजीनियर विपुल और माता रीतू के साथ पूरे परिवार का सहयोग मिला। स्कूल के शिक्षकों ने उसे हमेशा प्रोत्साहित किया। पढ़ाई में उसकी समस्याओं का निराकरण किया। नीट पास कर सेफई में एमबीबीएस कर रहे उसके भाई शिवांश उसका लगातार सहयोग करते रहे। आदित्य ने बताया कि उसने कोई ट्यूशन नहीं लगाया था, जहां समस्या हुई भाई से पूछ लेता था। सोशल मीडिया से वह दूर ही रहा, इसका प्रयोग केवल पढ़ाई के लिए ही किया। एक दिन में उसने 14 से 15 घंटे तक पढ़ाई की। आदित्य का कहना है कि उसका सपना साइंटिस्ट बनने का है। साइंस और एसएसटी में शत प्रतिशत अंक हासिल किए, बाकी सब्जेक्ट में 99 अंक पाए हैं।
--
मैथ ओलंपियाड में देश में प्रथम रहा
आदित्य इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड में इंडिया में प्रथम स्थान पर रहा। वर्ल्ड में उसकी चौथी रैंक रही। इसी तरह एनटीएससी की परीक्षा में उसने यूपी में 16वीं रैंक हासिल की।
--
परिवार में रहा खुशी का माहौल
सीबीएसई में जिला और प्रदेश में संयुक्त रुप से टॉप करने की सूचना जैसे ही ऐरन परिवार को मिली पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। आदित्य का पूरा परिवार नई मंडी में संयुक्त रूप से रहता है। आदित्य की उपलब्धि से पूरा परिवार खुशी में शामिल रहा। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।