अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी भाभी सबा सिद्दीकी
- फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया सिद्दकी के बीच चल रहे विवाद में एक और मोड़ आ गया है। नवाजुद्दीन के छोटे भाई की पत्नी सबा सिद्दकी ने आलिया सिद्दकी को अपने वकील के माध्यम से ई-मेल से नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि आलिया ने मिथ्या आरोप लगाकर उनके परिवार की छवि खराब की है। मीडिया में छाने के लिए वह गलत बयानी कर रही है।
इससे पहले आलिया सिद्दीकी ने सात मई को नवाजुद्दीन सिद्दीकी को नोटिस भेजा था। अब उनके छोटे भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी सबा सिद्दीकी ने अपनी जेठानी (नवाजुद्दीन की पत्नी) अंजना पांडेय उर्फ जैनब सिद्दीकी उर्फ आलिया सिद्दीकी उर्फ अंजली किशोर पांडेय निवासी अंधेरी वेस्ट मुंबई, महाराष्ट्र को अपने वकील के माध्यम से नोटिस दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी जेठानी ने उसकी ससुराल के सभी सदस्यों व महिलाओं के साथ हमेशा दुर्व्यवहार किया है। वह परिवार की महिलाओं को परिवार के पुरुषों के खिलाफ भड़काने का काम करती है और उन्हें महिलाओं का शारीरिक शोषण करने वाला व औरतों की इज्जत न करने वाला बताती है।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला ने खुलासा किया तो टूटी अफसरों की नींद, लखनऊ तक पहुंचा मामला, खाकी की भी खुलेगी पोल
सबा का कहना है कि उनके जेठ नवाजुद्दीन सिद्दीकी अभिनेता है। देश विदेश में उनकी शोहरत है। मीडिया में छाने के लिए आलिया ने गलत बयान बाजी की है, जिसके कारण उसकी व उसके परिवार की छवि धूमिल हुई है। नोटिस में लिखा गया है कि 15 दिन के अंदर लिखित व मौखिक रूप से इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया पर अपनी गलती मानते हुए माफी मांगे वरना उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि आलिया के नोटिस का जवाब 19 मई को दे दिया है।
बुढ़ाना में आए हुए हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी
नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस समय बुढ़ाना में अपने पैतृक आवास पर रह रहे हैं। कोरोना महामारी के कारण वह अभी मुंबई जाने से बच रहे हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/