-मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों से चिकित्सा सुविधा की ली जानकारी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने क्षेत्र की तीन पीएचसी का निरीक्षण किया। रविवार को पीएचसी पर लगने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों से चिकित्सा सुविधा के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए।
डीएम उमेश मिश्रा, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया के आदेश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
एसीएमओ ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोपाड़ा, मंसूरपुर, नावला के निरीक्षण के दौरान समस्त चिकित्स अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय बोपाड़ा पर 32, मंसूरपुर पर 42, नावला पर 34 मरीजों को उपचार के लिए लैब जांच, औषधि वितरण किया जा चुका था।
डॉ. दिव्या वर्मा ने उपस्थित मरीजों से वार्ता कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता व गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई को बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आने वाले समस्त मरीजों के साथ मृदुल व्यवहार रखने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष, वार्ड, टीकाकरण कक्ष को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। अस्पताल के अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। वहीं आशा कार्यकत्रियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सीएचसी चिकित्सा प्रभारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह को सभी केंद्रों पर समस्त व्यवस्थाओं को निरंतर रूप से पर्यवेक्षित करने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल पीएचसी मंसूरपुर, डॉ. संदीप बोपाड़ा, डॉ. सुप्रिया नावला, पैरामेडिकल स्टाफ अरुण, पंकज, सतबीरी आदि मौजूद रहे।