देवबंद। मोहल्ला शाहबुखारी में ससुराल में मारपीट के दौरान ननद ने भाभी को छत से नीचे धक्का दे दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला शाहबुखारी निवासी रुहीन ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि करीब चार माह पूर्व बहन अलीना की शादी मोरी तेलियान निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही जीजा और उसके परिवार वाले बहन को तरह तरह से परेशान करने लगे। आए दिन उसके साथ मारपीट भी करते हैं। बताया कि बुधवार को बहन ने फोन कर मारपीट करने की जानकारी दी। जब वह वहां पहुंची तो देखा जीजा और उसके घरवाले बहन के साथ मारपीट कर रहे हैं। इसी दौरान उसकी ननद ने अलीना को छत से धक्का दे दिया। जिससे वह नीचे आकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। बाद में आस पड़ोस के लोगों की मदद से उसने बहन को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।