मुजफ्फरनगर। प्राचीन शिव मंदिर धर्मशाला समिति उत्तरी सरवट गेट घासमंडी के पदाधिकारियों ने मंदिर में कराए जा रहे जीर्णोद्धार में कुछ लोगों पर व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगाया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
रुड़की रोड पर एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर समिति के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि कमेटी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए चंदा इकट्ठा कर निर्माण कार्य करा रही है। मंदिर की दुकानों के कुछ किराएदार व मंदिर के पुजारी के परिजन कार्य में व्यवधान पैदा कर रहे हैं। समिति ने पुजारी के परिजनों को मंदिर में आवास बनाकर देने का आश्वासन भी दिया है। चार दिन पूर्व एक संगठन के लोगों को बुलवाकर वहां हंगामा कर समिति के पदाधिकारियों पर गलत आरोप लगाए गए।
समिति के उपाध्यक्ष संजय सक्सेना ने कहा कि मंदिर व धर्मशाला गरीब बस्ती में है। बहुत कम पैसे पर धर्मशाला उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मंदिर के बाहर दुकान करने वाले एक कबाड़ी को वहां से हटाने का दबाव बनाया जबकि उसका मंदिर की दुकान से कोई वास्ता नहीं है। चार दिन पूर्व मंदिर की कमेटी के सदस्यों की बैठक बुलाई जिसमें आरोपियों ने अभद्रता की। अधिकारियों को जानकारी देकर जीर्णोद्धार में व्यवधान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान सुभाष कुमार मित्तल, अनिल मित्तल आदि मौजूद रहे।