संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव देवल के समीप कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार बच्ची सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जानसठ सीएचसी, बिजनौर और मेरठ के अस्पतालों में भर्ती कराया है।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी कार चालक जय सिंह अपनी कार में ब्रह्मानंद, मनवर सिंह, सूरज, तीन वर्ष की बच्ची ऋतिका और सुरेशी देवी को लेकर बिजनौर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। गांव देवल के समीप किसी वाहन को ओवरटेक करते समय कार दो ट्रकों के बीच फंस गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार की खिड़की काटकर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर घायल कार चालक जय सिंह और बच्ची ऋतिका को जानसठ सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां से जय सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बिजनौर जिला अस्पताल में मनवर और सुरेशी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।